समाचार · हरियाणा
नूंह में युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा:मामा की नाबालिग बेटी से शादी की जिद, परिजन का विरोध, पुलिस मना रही
नूंह जिले के तिगरा गांव में सोमवार को एक युवक अपनी मामा की नाबालिग बेटी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के पिता इस रिश्ते के खिलाफ हैं, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। युवक की पहचान तिगरा निवासी अब्दुल करीम के बेटे केफ के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए। जानकारी के अनुसार कैफ अपनी मामा की बेटी से शादी करना चाहता है। बताया जा रहा है कि युवक का मामा इस रिश्ते के लिए तैयार है, लेकिन कैफ के पिता इस शादी के लिए राजी नहीं हैं। इसी पारिवारिक विरोध के चलते युवक ने टावर पर चढ़कर अपनी बात मनवाने की कोशिश की। युवक के इस कदम के बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। ग्रामीणों और पुलिस ने उसे समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। मामले का गंभीर पहलू यह है कि जिस लड़की से युवक शादी की जिद कर रहा है, वह नाबालिग है। पुलिस मौके पर पहुंची सदर थाना फिरोजपुर झिरका के प्रभारी एसएचओ सुभाष चंद्र ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यह मामला केवल पारिवारिक विवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें नाबालिग से जुड़े कानूनी प्रावधान भी लागू हो सकते हैं। फिलहाल युवक टावर पर ही है और पुलिस उसे समझाने में जुटी है। युवक के नीचे आने के बाद पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।