समाचार · मध्य प्रदेश
दूध के दाम बढ़ाने की मांग, सड़क पर बहाया दूध:100 रुपए लीटर दूध,फैट 12 रुपए करने कहा; विक्रेताओं ने पुलिस को सौंपा आवेदन
आगर में दूध के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर बुधवार से सुसनेर और ग्रामीण इलाकों में दूध विक्रेताओं ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। सुसनेर आने वाले पिकअप वाहनों से दूध सड़क पर बहाए जाने के वीडियो भी सामने आए हैं। विक्रेताओं-डेयरी संचालकों की मांग है कि दूध का दाम 100 रुपए प्रति लीटर और फैट का दाम 12 रुपए किया जाए। हड़ताल के कारण इलाके में दूध की सप्लाई पर असर पड़ने लगा है। कई डेयरी संचालकों ने भी अपनी दुकानें बंद रखकर दूध विक्रेताओं की मांगों का साथ दिया है। पिकअप वाहनों से सड़क पर बहाया दूध ग्रामीण इलाकों से दूध लेकर सुसनेर आने वाले पिकअप वाहनों से दूध सड़क पर बहाए जाने के वीडियो भी सामने आए हैं। इन वीडियो में कई ग्रामीण सड़कों पर दूध बहाते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, दूध बहाने की यह घटना किन जगहों पर हुई और इसमें कितना दूध खराब हुआ, इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है। दूध विक्रेताओं-डेयरी संचालकों ने पुलिस को आवेदन सौंपा इसी बीच दूध विक्रेता और डेयरी संचालक स्थानीय पुलिस थाने पहुंचे। उन्होंने यहां एक आवेदन सौंपकर अपनी मांगों के बारे में बताया। दूध विक्रेताओं का कहना है कि दूध के दाम 100 रुपए प्रति लीटर और फेट का दाम बढ़ाकर 12 रुपए किया जाए। इन्हीं मांगों को लेकर विक्रेताओं ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की है। यह हड़ताल कब तक चलेगी, इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।