समाचार · हरियाणा
नमाज पढ़ने जा रहे सुपरवाइजर को लाठी-डंडों से पीटा:यमुनानगर में हमलावरों ने रास्ता रोक तोड़ी बाइक, शरीर के कई हिस्सों पर चोटें
यमुनानगर जिले के जठलाना थाना क्षेत्र के गांव गुमथलाराव में नमाज पढ़ने जा रहे एक निजी कंपनी के सुपरवाइजर का रास्ता रोककर कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसके सिर, कमर, कलाई और शरीर के अन्य हिस्सों पर डंडों से वार किए। मारपीट में घायल सुपरवाइजर को डायल-112 की मदद से रादौर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे यमुनानगर सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। आरोप है कि आरोपियों ने उसकी बाइक भी तोड़ दी और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। जठलाना थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रंजिश के तहत रास्ता रोककर की मारपीट गांव गुमथलाराव निवासी 27 वर्षीय शेर अली खान ने बताया कि वह एक प्राइवेट कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर काम करता है। गांव का रवि उसके साथ काफी समय से रंजिश रखता है। शाम करीब साढ़े 6 बजे वह नमाज पढ़ने के लिए जा रहा था। जब वह अम्बेडकर भवन के पास पहुंचा, तो रवि, रवि के ताऊ का लड़का, राहुल और दो-तीन अन्य युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। शेर अली के मुताबिक, रवि ने हाथ में लिए लकड़ी के बिंडे से उसके सिर पर वार किया। इसके बाद सभी आरोपियों ने लाठी-डंडों से उसकी कमर और शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला किया। हमले में उसकी दाहिनी कलाई, दाहिने अंगूठे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई। परिजनों ने डायल-112 पर दी सूचना शोर सुनकर परिवार के लोगों ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस की गाड़ी घायल शेर अली को रादौर के सिविल अस्पताल लेकर गई। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने उसे यमुनानगर सिविल अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज किया गया। हमलावरों ने बाइक भी तोड़ी शेर अली ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसकी बाइक भी तोड़ दी। इसके बाद सभी आरोपी हाथों में डंडे लेकर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। हमले में उसे सिर-हाथ सहित शरीर पर कई जगह चोट आई है। थाना प्रभारी अमित ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।