समाचार · छत्तीसगढ़
बालोद से धमतरी जा रही बस पलटी, कंडक्टर की मौत:करीब 50 यात्री थे सवार, 20 घायल; डेढ़ घंटे बाद बॉडी काटकर निकाला शव
बालोद से धमतरी जा रही डीआरडी कंपनी की यात्री बस शनिवार सुबह करीब 9.45 बजे करहीभदर पेट्रोल पंप के सामने अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे। दुर्घटना में बस के कंडक्टर प्रकाश यादव (36), निवासी ग्राम अछोटा, जिला धमतरी की मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कंडक्टर प्रकाश यादव उसके अंदर फंस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए पुलिस और ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे तक बचाव अभियान चलाया।
बस में फंसे कंडक्टर को डेढ़ घंटे बाद निकाला बस की बॉडी काटकर कंडक्टर को बाहर निकाला जा सका। वहीं घायल यात्रियों को भी ग्रामीणों और पुलिस की मदद से बस से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। नाले के पास पलटी बस प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के मुताबिक, बस करहीभदर पेट्रोल पंप से आगे नाले के पास पहुंची थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर पलट गई। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए पहुंच गए। यात्रियों का आरोप- ड्राइवर मोबाइल पर बात कर रहा था बस में सवार कुछ यात्रियों ने बताया कि हादसे से पहले ड्राइवर मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। यात्रियों के मुताबिक, इसी दौरान तेज रफ्तार बस अनियंत्रित हुई और नाले के पास पलट गई। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। मोबाइल पर बात करने और तेज रफ्तार के आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शुरू की जांच सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल भेजने के साथ हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदारी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी