Sunday, 5 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

बेमेतरा में कथित गौमांस मिलने से हंगामा,दो आरोपी हिरासत में:बजरंग दल का आरोप- पॉलिथीन में बेचा जा रहा था मांस, 4 आरोपी फरार

INT News4 July 2026 at 10:55 pm

बेमेतरा जिले के साजा क्षेत्र स्थित शराब दुकान के पास शनिवार को कथित रूप से गौमांस मिलने की सूचना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। संगठन का दावा है कि दो आरोपी को मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया, जबकि चार अन्य लोग फरार हो गए। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची। संगठन का कहना है कि इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दोनों आरोपियों और बरामद गौमांस को मौके पर ही रोके रखा। कार्यकर्ताओं के अनुसार थाना घेराव की चेतावनी के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मौके से बरामद गौमांस को जब्त कर उसके नमूने जांच के लिए सुरक्षित रखे गए हैं। बजरंग दल का आरोप है कि मृत पशु का मांस काटकर पॉलिथीन में भरकर बेचा जा रहा था। संगठन के अनुसार इस मामले में कुल 6 लोगों की संलिप्तता होने की आशंका है, जिनमें से चार आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता साजा थाने पहुंचे, जहां देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। बजरंग दल का दावा बजरंग दल के दुर्गेश पटेल और विश्व हिंदू परिषद के गणेश वैष्णव ने बताया कि उनके एक साथी ने एक व्यक्ति को कथित रूप से गौमांस काटते हुए देखा। पूछताछ में कथित रूप से मांस बेचने की बात सामने आने पर संगठन को सूचना दी गई। इसके बाद कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस को लगातार सूचना दी। उनका आरोप है कि पुलिस समय पर नहीं पहुंची, जिससे स्थिति लंबे समय तक बनी रही। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय किया जाएगा कि आगे किस प्रकार की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा फरार आरोपियों की तलाश जारी है।