Sunday, 5 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

शिवपुरी में बनेगा डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट:मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे शिलान्यास, 211.29 करोड़ के विकास कार्यों का भी लोकार्पण-भूमिपूजन

INT News4 July 2026 at 11:33 pm

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रविवार को शिवपुरी जिले को 2,500 करोड़ रुपये की डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग परियोजना की सौगात देंगे। दोनों नेता कोलारस क्षेत्र के पाली गांव के पास स्थापित होने वाले अत्याधुनिक डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास करेंगे। यह परियोजना दक्षिण एशिया के सबसे बड़े निजी क्षेत्र के मिसाइल इकोसिस्टम के रूप में विकसित की जाएगी। इसके साथ ही जिले में 211.29 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी होगा। अदाणी समूह स्थापित करेगा प्लांट यह परियोजना अदाणी समूह द्वारा स्थापित की जा रही है। इससे शिवपुरी की औद्योगिक पहचान मजबूत होने और जिले में बड़े निवेश का रास्ता खुलने की उम्मीद है। मुख्य कार्यक्रम शहर के पोलो ग्राउंड में आयोजित होगा, जहां बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। रोजगार और उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा सरकार का कहना है कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'आत्मनिर्भर भारत' और 'मेक इन इंडिया' अभियान को गति देगी। यह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के औद्योगिक विकास के विजन के अनुरूप भी है। इससे देश की रक्षा क्षमताओं को मजबूती मिलेगी। परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है। स्थानीय युवाओं को नए अवसर मिलेंगे। वहीं, क्षेत्र के छोटे और मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को रक्षा उत्पादन की आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ने का मौका मिलेगा। प्रशासन का मानना है कि इससे जिले की स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। दोपहर में पहुंचेंगे मुख्यमंत्री निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार दोपहर 2:10 बजे ग्वालियर से हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे। वे दोपहर 2:40 बजे शिवपुरी हवाई पट्टी पहुंचेंगे। इसके बाद पोलो ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर शिलान्यास, लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम के बाद वे हेलीकॉप्टर से ग्वालियर के लिए रवाना होंगे।