Sunday, 5 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

साइबर ठगी से बचाव के लिए स्कूलों में जागरूकता अभियान:जबलपुर में पुलिस ने 500 विद्यार्थियों को ऑनलाइन फ्रॉड से बचने की जानकारी दी

INT News4 July 2026 at 11:08 pm

मध्यप्रदेश पुलिस इन दिनों 'ऑपरेशन सेफ क्लिक 2.0' (Safe Click 2.0) के तहत विशेष साइबर जागरूकता अभियान चला रही है। इसका उद्देश्य आम लोगों और विद्यार्थियों को ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग लिंक, डिजिटल अरेस्ट और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना है। जबलपुर में एसपी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थानों की पुलिस रोजाना स्कूलों और अन्य संस्थानों में पहुंचकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी क्रम में शनिवार को सिविल लाइन थाना पुलिस ने क्राइस्ट चर्च स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर बिना सोचे-समझे क्लिक न करें। साथ ही ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। सिविल लाइन थाना प्रभारी स्वप्निल दास ने बताया कि सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत स्कूल के स्टाफ और विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचने के तरीके बताए गए। उन्हें यह भी जानकारी दी गई कि साइबर ठगी होने पर क्या कदम उठाने चाहिए, कितनी देर के भीतर शिकायत करनी चाहिए और शिकायत कहां दर्ज करानी है। कार्यक्रम में करीब 500 छात्र-छात्राएं और शिक्षक शामिल हुए। टीआई स्वप्निल दास ने बताया कि यदि किसी के साथ वित्तीय या अन्य प्रकार की साइबर ठगी होती है, तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर एएसपी आयुष जाखड़ और सीएसपी सोनू कुर्मी के नेतृत्व में सिविल लाइन थाना सहित शहर के सभी थानों में समय-समय पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार के कार्यक्रम में क्राइस्ट चर्च स्कूल के प्रिंसिपल क्षितिज जैकब भी मौजूद रहे।