समाचार · मध्य प्रदेश
मऊगंज में मजदूर को बाइक ने मारी टक्कर:सड़क किनारे साइकिल की चेन सुधारते समय हादसा; गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक सड़क हादसे में साइकिल सवार मजदूर बृजलाल प्रजापति (40) गंभीर घायल हो गए। उन्हें एक अज्ञात बाइक चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मजदूरी कर साइकिल से घर लौट रहे थे बृजलाल जानकारी के अनुसार, ग्राम कैछुआ निवासी बृजलाल प्रजापति पिता शंकर प्रसाद प्रजापति शनिवार देर शाम नईगढ़ी से मजदूरी का काम खत्म करके साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 9 बजे जब वे लालगंज मोड़ के पास पहुंचे, तो अचानक उनकी साइकिल की चेन उतर गई। वे सड़क किनारे साइकिल खड़ी कर चेन ठीक करने लगे। टक्कर मारकर बाइक चालक मौके से हुआ फरार चश्मदीदों के मुताबिक, जब बृजलाल चेन सुधार रहे थे, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार और लापरवाह अज्ञात बाइक चालक ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बृजलाल सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे उनके कमर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आरोपी बाइक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। 112 वाहन से पहुंचाया अस्पताल, पुलिस जांच में जुटी वहां मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना दी, जिसके बाद घायल मजदूर को 112 पुलिस वाहन की मदद से नईगढ़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर नजर रखे हुए है। घायल के पिता शंकर प्रसाद ने बताया कि बाइक की रफ्तार बहुत तेज थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण नहीं रख पाया। नईगढ़ी थाना पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और पुलिस अज्ञात बाइक चालक की तलाश में जुट गई है।