Sunday, 5 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में दो सड़क हादसे, एक की मौत:कार-बाइक भिड़ंत में 3 घायल; कैप्सूल वाहन ने अधेड़ को कुचला

INT News4 July 2026 at 10:35 pm

जांजगीर-चांपा जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ये घटनाएं बिर्रा और बम्हनीडीह थाना क्षेत्रों में हुई। पहली घटना बिर्रा थाना क्षेत्र के टॉकीज के पास हुई। यहां वार्ड नंबर 9 निवासी छत्तु पटेल पैदल चल रहे थे, तभी शिवरीनारायण की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। वाहन के पहिए के नीचे आने से छत्तु पटेल का कमर से नीचे का हिस्सा बुरी तरह कुचल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर बिर्रा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। दूसरी घटना बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरदा की मुख्य सड़क पर हुई। यहां एक कार और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार तीनों युवक दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में कार चालक को भी हल्की चोटें आईं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। बम्हनीडीह पुलिस मामले की आगे की कार्यवाही में जुटी हुई है।

जांजगीर-चांपा में दो सड़क हादसे, एक की मौत:कार-बाइक भिड़ंत में 3 घायल; कैप्सूल वाहन ने अधेड़ को कुचला · Indian News Trust