समाचार · मध्य प्रदेश
तेज रफ्तार बाइक ने दो प्रधान आरक्षकों को मारी टक्कर:ड्यूटी पर जा रहे थे, पन्ना जिला अस्पताल रेफर; बाइक चालक भी घायल
पन्ना जिले के धरमपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक सड़क हादसे में ड्यूटी पर जा रहे दो प्रधान आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना धरमपुर थाना क्षेत्र में 'भोंदू की आटा चक्की' के पास हुई। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने ड्यूटी पर तैनात इन पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, धरमपुर थाने में तैनात प्रधान आरक्षक शिव चरण प्रजापति और प्रधान आरक्षक शोभा राम अहिरवार रविवार शाम को एक मामले की जांच के लिए बाइक से जा रहे थे। तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों प्रधान आरक्षक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए ले जाया गया। डॉक्टरों ने शुरुआती इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत देखकर उन्हें आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। इस हादसे में बाइक चालक राम बाबु यादव निवासी सरैंयन थाना बरौंधा भी घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।