Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

उज्जैन में रातभर बारिश, सड़कों पर जलभराव-जाम:सावन के दूसरे सोमवार पर भी नहीं डिगी भक्तों की आस्था; जिले में 535 मिमी बारिश दर्ज

INT News10 August 2026 at 10:48 am

उज्जैन में रविवार रात करीब 11:45 बजे शुरू हुई बारिश सोमवार सुबह तक जारी रही। रुक-रुककर बारिश का दौर सुबह 10 बजे तक चलता रहा। बारिश के कारण शहर में कई लोग परेशान होते रहे। दरअसल, कई जगह सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। ऐसे में इन मार्गों से निकलने में लोगों को सबसे ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते कई सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। वेधशाला के अनुसार, उज्जैन में सोमवार सुबह तक 535 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। शहर में बादलों ने डेरा डाल रखा है, लेकिन लोगों को अब भी तेज झमाझम बारिश का इंतजार है। दिन और रात के तापमान में महज साढ़े पांच डिग्री का अंतर रह गया है। बीती रात 23 डिग्री तापमान था, वहीं रविवार दोपहर में 29 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बारिश के कारण नीलगंगा, गदा पुलिया, केडी गेट और चामुंडा माता मंदिर के सामने समेत कई जगह जलभराव की स्थिति रही। इधर, सावन माह के दूसरे सोमवार पर रातभर हुई बारिश का असर श्रद्धालुओं पर दिखाई नहीं दिया। देर रात से लंबी लाइनों में बाबा महाकाल के दर्शन के लिए खड़े भक्तों की आस्था बारिश के बाद भी कम नहीं हुई। श्रद्धालु बारिश में भीगते हुए भी दर्शन के लिए पहुंचते रहे।