समाचार · छत्तीसगढ़
नाबालिग से रेप,समझौता के लिए दबाव बनाने वालों पर FIR:8 लाख रुपये देने के लिए तैयार किया था पंचनामाा, हस्ताक्षर करने वालों पर कार्रवाई
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में 14 साल की आदिवासी नाबालिग छात्रा से रेप के मामले में पीड़ित परिवार पर 8 लाख रुपये लेकर एफआईआर दर्ज कराने से रोकने वालों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। घटना के दूसरे दिन आरोपियों ने एक पंचनामाा तैयार किया था और परिवार पर दबाव बनाया था। पुलिस ने पंचनामा में हस्ताक्षर करने वाले रिश्तेदार सहित अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज हुआ है। रेप के आरोपी उप सरपंच के पति तरुण कुमार जायसवाल को बिहार के पटना से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी का सहयोग करने वाले दो अन्य भी आरोपी बनाए गए हैं। जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव की कक्षा 7वीं में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा 20 जुलाई को उप सरपंच के घर काम करने गई थी। वह सुबह-शाम घर का काम और खाना बनाने का काम करती थी। आरोप है कि इसी दौरान उप सरपंच के पति तरुण कुमार जायसवाल ने छात्रा को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाया और उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि अगले दिन 21 जुलाई को आरोपी ने उसके पिता को 8 लाख रुपए देने का प्रस्ताव दिया और इस संबंध में एक पंचनामाा भी तैयार कराया। साथ ही परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। आरोपी के पकड़े जाने के बाद दर्ज हुई FIR मामले में 22 जुलाई को करीब 100 ग्रामीण कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। आरोपी अंबिकापुर के चोपड़ापारा स्थित अपने फ्लैट से भाग निकला था। आरोपी को पुलिस ने पटना से गिरफ्तार किया है। वह अपने महिला मित्र के साथ वहां छिपा हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गुरूवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। दबाव बनाने वालों पर दर्ज हुई FIR कोतवाली पुलिस ने पीड़ित परिवार पर एफआईआर दर्ज कराने से रोकने के लिए दबाव बनाने वालों पर एफआईआर दर्ज की है। पीड़ित परिवार पर दबाव बनाने के लिए घटना के दूसरे दिन 21 जुलाई को पंचनामाा बनाया गया था, जिसमें उल्लेख है कि पीड़ित के पिता और आरोपी का 8 लाख रुपये का आपसी लेन-देन है। पंचनामाा में उल्लेख है कि इसमें से 4 लाख रुपये पीड़िता के पिता को दे दिया गया है। 4 लाख रुपये तरूण जायसवाल फरवरी 2027 में धान बेचकर देगा। पंचनामाा में 7 लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। पुलिस ने मामले में पंचनामाा में हस्ताक्षर करने वाले विवेक पैकरा, अशोक जायसवाल, सरजू तिर्की, नान साय, नोहर साय, किशुन राम और जगजीवन राम सहित आरोपी के दो अन्य सहयोगियों के खिलाफ धारा 21(2), 249(b), 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।