समाचार · मध्य प्रदेश
मनासा में 4 लाख की चोरी का आरोपी गिरफ्तार:10 दिन पहले सूने घर का ताला तोड़कर नकदी और गहने ले गया था
मनासा पुलिस ने दिनदहाड़े हुई चोरी का खुलासा कर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। इसके पास करीब 4 लाख रुपए के सोने और चांदी के गहने मिले हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, चोरी की यह वारदात इसी महीने 5 जुलाई 2026 को दोपहर के समय हुई थी। तब चोर ने एक सूने घर को निशाना बनाया और ताला तोड़कर अंदर रखे 20 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के गहने लेकर भाग गया था। जब घरवाले वापस आए और उन्हें चोरी का पता चला, तो उन्होंने तुरंत थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम तुफान गुर्जर निवासी टामोटी (कुकड़ेश्वर) बताया। सख्ती दिखाते ही कबूल किया जुर्म जब पुलिस ने आरोपी तुफान को हिरासत में लिया, तो शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने और मनगढ़ंत कहानियां सुनाने की कोशिश की। लेकिन जब पुलिस ने अपने अंदाज में कड़ाई से पूछताछ की, तो वह ज्यादा देर झूठ नहीं बोल पाया और उसने चोरी की बात मान ली।