Tuesday, 21 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

पाइप विवाद में ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या, दो भाई गिरफ्तार:राजस्थान भागने की फिराक में थे; विदिशा पुलिस ने सीमा से दबोचा

INT News20 July 2026 at 08:51 pm

विदिशा के सोराई गांव में पाइप टूटने के मामूली विवाद में 55 वर्षीय मालम सिंह राजपूत की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या करने वाले दो भाइयों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राजस्थान भागने की फिराक में थे, जिन्हें पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर राजस्थान सीमा से दबोचा। पुलिस के अनुसार, यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सोराई में हुई। 18 जुलाई को मेडिकल कॉलेज से मालम सिंह राजपूत की इलाज के दौरान मौत की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि ग्राम सोराई निवासी प्रेम सिंह राजपूत और संजू सिंह राजपूत ने खेत में पाइप टूटने के विवाद के दौरान मालम सिंह पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया था। गंभीर रूप से घायल मालम सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाने में केस दर्ज किया गया। आरोपियों की तलाश के लिए एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने लगातार तकनीकी इनपुट और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की। सूचना मिली कि दोनों आरोपी राज्य से बाहर भागने की तैयारी में हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने राजस्थान सीमा पर घेराबंदी कर दोनों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम सिंह राजपूत (46) और संजू सिंह राजपूत (42) के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।