समाचार · मध्य प्रदेश
शेखावत बोले-हम किसी के बाप के लट्ठ नहीं खाएंगे:यूजीसी बिल के विरोध में दिल्ली बुलाया, बोले- सामान्य वर्ग वोट की ताकत दिखाएगा
‘सरकार लाठी-गोली चलाएगी तो हम किसी के बाप के लट्ठ नहीं खाएंगे।’ करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत ने बुधवार को मुरैना में यह बयान देते हुए सामान्य वर्ग के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से 23 अगस्त को दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया। वे यूजीसी बिल को रोलबैक करने की मांग को लेकर उत्तर भारत में करीब 15 हजार किलोमीटर की यात्रा कर रहे हैं। शेखावत ने कहा कि यूजीसी बिल लागू होने से सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। इसलिए इसे लागू होने से पहले ही रोकना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग ने हमेशा समाजहित की लड़ाई लड़ी है और आगे भी लड़ता रहेगा। बोले- पिछली बार की तरह हाउस अरेस्ट नहीं होंगे शेखावत ने कहा कि पिछली बार की तरह इस बार उन्हें हाउस अरेस्ट नहीं किया जा सकेगा। उन्होंने दावा किया कि 23 अगस्त के आंदोलन के लिए पहले ही अनुमति ले ली गई है। उन्होंने सामान्य वर्ग के लोगों से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को अपनी मांग रखने और अधिकारों के लिए आवाज उठाने का अधिकार देता है। उनके पूर्वजों ने समाज के हित के लिए संघर्ष किया है और वे भी इसी रास्ते पर चल रहे हैं। भाजपा को वोट की ताकत दिखाने की बात भाजपा पर निशाना साधते हुए शेखावत ने कहा कि सामान्य वर्ग के मतदाताओं ने भाजपा को सत्ता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब सामान्य वर्ग को अपने वोट की ताकत दिखानी होगी। उन्होंने कहा कि आगामी निकाय, पंचायत, विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भाजपा का विरोध किया जाएगा। शेखावत ने दावा किया कि उनकी टीम घर-घर जाकर लोगों से भाजपा को वोट नहीं देने की अपील करेगी। उन्होंने 23 अगस्त को दिल्ली पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से भगवा झंडा लेकर और माथे पर तिलक लगाकर पहुंचने की अपील भी की।