समाचार · हरियाणा
तोशाम में बारिश से जलभराव, ढाई घंटे में निकासी:दो ट्रैक्टर और पंप सेट लगाए गए, तीन विभागों ने मिलकर किया काम
भिवानी जिले के तोशाम कस्बे में मंगलवार को हुई भारी बारिश के बाद जलभराव हो गया। हालांकि, ग्राम पंचायत के सहयोग से विकास एवं पंचायत विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और बिजली निगम ने आपसी तालमेल बैठाकर ढाई से तीन घंटे के भीतर पानी की निकासी कर दी। कस्बे के सरपंच राजेश तंवर ने बताया कि बारिश के दौरान पहाड़ों से दो से तीन घंटे तक पानी बहता है। यह पानी कस्बे के मुख्य बाजार, बस स्टैंड के सामने वाली गली, पंचायत घर, गुरुद्वारा, डाकखाना, विजेता मार्केट, राजीव नगर, पुराना थाना चौक, आरएससीआईटी कंप्यूटर इंस्टीट्यूट वाली गली, पुराना बस स्टैंड, नई पंजाबी धर्मशाला वाली गली और पुराना सिविल अस्पताल मार्ग सहित विभिन्न स्थानों पर जमा हो जाता है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। दो ट्रैक्टर, पंप सेट लगाकर निकाला पानी सरपंच तंवर ने जानकारी दी कि मंगलवार को बस स्टैंड के पास बने जोहड़ से पानी निकालने के लिए पंचायत विभाग ने दो ट्रैक्टर लगाए थे, जिनमें 6 और 8 इंच के पंप लगे थे। वहीं, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने 12 और 15 हॉर्स पावर के दो पंप सेट लगा रखे हैं, जो त्वरित कार्रवाई करते हुए पानी की निकासी करते हैं। उन्होंने बताया कि पहाड़ों से आने वाला पानी बरसात रुकने के ढाई घंटे बाद तक भी चलता रहता है, जिससे जलभराव की समस्या बनी रहती है। प्रशासन द्वारा फिलहाल इसका अस्थायी समाधान किया गया है, और जल्द ही इसका स्थायी समाधान भी कर दिया जाएगा।