समाचार · मध्य प्रदेश
ड्राइवर को ऑटो चलाते-चलाते आया हार्ट अटैक, मौत:सवारियों ने अस्पताल पहुंचाया, परिजन बोले- सुबह तो ठीक था
दमोह के तेंदूखेड़ा बस स्टैंड पर सोमवार शाम जबलपुर निवासी एक ऑटो चालक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। ऑटो चालक सवारियां लेकर तेंदूखेड़ा आया था। उसे तत्काल तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि सुबह वह पूरी तरह स्वस्थ थे। मृतक की पहचान जबलपुर जिले के पाटन तहसील के ग्राम कंतोरा निवासी 40 वर्षीय कैलाश कोल पिता सुनमुन के रूप में हुई है। कैलाश सोमवार सुबह अपने ऑटो से ग्राम रोंझा से ग्राम देवरी निजाम, तेंदूखेड़ा सवारियां छोड़ने आया था। तेंदूखेड़ा बस स्टैंड स्थित राजा होटल के सामने पहुंचते ही कैलाश को अचानक सीने में दर्द महसूस हुआ। उन्होंने तुरंत ऑटो को सुरक्षित खड़ा किया और स्टेयरिंग पर सिर रखकर बैठ गए। ऑटो में सवार यात्री विनीता प्रधान ने बताया कि रास्ते भर कैलाश सामान्य रूप से बातचीत कर रहे थे। बस स्टैंड पर अचानक ऑटो रुकने और कैलाश के कोई प्रतिक्रिया न देने पर यात्रियों ने उन्हें आवाज दी और हिलाया। जब कोई हलचल नहीं हुई, तो यात्री उन्हें तुरंत तेंदूखेड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने कैलाश कोल को मृत घोषित कर दिया। राजा होटल के संचालक रजनीश यादव ने बताया कि वह अपनी दुकान पर थे जब एक ऑटो आया और दूसरे ऑटो से टकराकर रुक गया। शुरुआत में उन्हें लगा कि चालक आराम कर रहा है, लेकिन कुछ देर बाद ऑटो में बैठी सवारियों के घबराने पर उन्हें चालक की मौत का पता चला। घटना की सूचना मिलने के लगभग एक घंटे बाद मृतक की पत्नी, भाई और अन्य परिजन तेंदूखेड़ा पहुंचे। परिजनों ने बताया कि कैलाश सुबह पूरी तरह स्वस्थ अवस्था में घर से निकले थे और किसी प्रकार की परेशानी नहीं थी।
सूचना मिलने पर तेंदूखेड़ा थाना से प्रधान आरक्षक महेश ठाकुर मौके पर पहुंचे और पंचनामा कार्रवाई की। परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराने से इंकार किए जाने के कारण आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव बिना पोस्टमार्टम के परिजनों को सौंप दिया गया।