समाचार · पंजाब
पंजाब में आतंकी साजिश नाकाम, एक आरोपी गिरफ्तार:86-P हैंड ग्रेनेड बरामद, आदमपुर में डेड ड्रॉप लोकेशन से उठाया; विदेशी हैंडलर्स से संपर्क
पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और SBS नगर (नवांशहर) पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मॉड्यूल के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 86-P हैंड ग्रेनेड बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई से राज्य में संभावित आतंकी हमले की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे अपने आकाओं के सीधे संपर्क में था। वह उनके निर्देश पर पंजाब में बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था। पुलिस के मुताबिक, विदेशी हैंडलर्स के इशारे पर आरोपी ने जालंधर के आदमपुर के पास एक डेड ड्रॉप लोकेशन से 86-P हैंड ग्रेनेड हासिल किया था। कानूनी कार्रवाई और मामला दर्ज इस मामले में थाना सदर नवांशहर (SBS नगर) में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि उससे गहन पूछताछ की जा सके। नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच जारी पुलिस की टीमें इस आतंकी मॉड्यूल से जुड़े नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी हैं। जांच का मुख्य उद्देश्य नेटवर्क में शामिल स्थानीय मददगारों, फंड मुहैया कराने वालों और सीमा पार बैठे विदेशी हैंडलर्स की पहचान करना है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बरामद ग्रेनेड का इस्तेमाल किस लक्ष्य या सार्वजनिक स्थान पर हमले के लिए किया जाना था। DGP बोले- अपराध खत्म करने के लिए पुलिस मुस्तैद पंजाब पुलिस के DGP ने सोशल मीडिया के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में आतंकवाद, सीमा पार से संचालित साजिशों और संगठित अपराध को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा, शांति और भाईचारा बनाए रखना पंजाब पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।