समाचार · मध्य प्रदेश
जबलपुर में 3 पिस्तौल, 3 कारतूस के साथ पकड़ाया बदमाश:NSA में बंद अपराधी से की अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त
जबलपुर पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल एक आरोपी को शताब्दीपुरम जेडीए बिल्डिंग के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दमोहनाका शांतिनगर निवासी 21 वर्षीय प्रेमलाल उर्फ संदीप सोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने संदीप सोनी के पास से 3 देशी पिस्तौल, 3 जीवंत कारतूस और 1,000 रुपए नकद बरामद किए हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी और संदीप को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कपड़े के थैले से दो पिस्तौल और जींस की जेब से एक पिस्तौल व तीन कारतूस मिले हैं। लोगों को हथियार दिखाकर डराता था पूछताछ में संदीप सोनी ने बताया कि वह जेडीए के पास लोगों को हथियार दिखाकर धमकाता था। उसने ये हथियार अपराधी लकी पटेल से खरीदे थे, जो उसका दोस्त है। संदीप पहले भी कई बार हथियारों की खरीद-फरोख्त कर चुका है। लकी पटेल पर हत्या के प्रयास, अवैध वसूली और आर्म्स एक्ट सहित 20 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। उसे हाल ही में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर भेजा गया है। पुलिस इस संगठित अवैध हथियार कारोबार को गंभीरता से ले रही है। आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज लार्डगंज थाना पुलिस ने संदीप सोनी और लकी पटेल के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1), 27 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111(1) बी के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में है।