समाचार · मध्य प्रदेश
कार की टक्कर से बुजुर्ग के हाथ-पैर अलग, मौत:छतरपुर में सड़क किनारें भैंसे चरा रहे थे, ड्राइवर भागा
छतरपुर जिले के बड़ामलहरा में बाजना थाना इलाके में गुरुवार को सड़क किनारे भैंसे चरा रहे बुजुर्ग को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में 55 वर्षीय बुजुर्ग हाथ-पैर कटकर धड़ से अलग हो गए और करीब 50 फीट दूर जा गिरे, जिससे उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बाजना थाना क्षेत्र के ग्राम चोपड़ा निवासी रामदास यादव पिता जालम यादव गुरुवार को झपट्टा पुलिया के पास बैठे हुए थे। इसी दौरान कलोथर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार XUV कार (नंबर MP 16 CV 5431) ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। ये मंजर देखकर वहां मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से दुर्घटनाग्रस्त XUV कार को अपने कब्जे में ले लिया, जबकि हादसा अंजाम देने के बाद चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए बड़ामलहरा अस्पताल भिजवा दिया है। जांच में सामने आया है कि कार स्वाति राय के नाम पर पंजीकृत है। चालक पर केस दर्ज पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य दस्तावेजों के आधार पर फरार चालक का पता लगाया जा रहा है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।