समाचार · पंजाब
शहीद दलजीत सिंह के नाम पर सड़क का नामकरण:आईटीबीपी सीओ व विधायक धालीवाल ने किया जांगपुर-सराभा मार्ग का उद्घाटन
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) के शहीद हेड कांस्टेबल (जीडी) दलजीत सिंह की शहादत और देश सेवा को नमन करते हुए जांगपुर से सराभा सड़क का नामकरण उनके नाम पर किया गया है। इस नवनिर्मित मार्ग का भव्य उद्घाटन 26वीं बटालियन ITBP बद्दोवाल के कमांडिंग ऑफिसर (सीओ) रमेश कुमार शर्मा और फगवाड़ा के विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल ने संयुक्त रूप से किया। समारोह के दौरान शहीद दलजीत सिंह की वीरता और अदम्य साहस को याद किया गया। दलजीत सिंह ITBP की 45वीं बटालियन में छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले नारायणपुर में तैनात थे। 4 दिसंबर 2019 को सीओबी कड़ेनार (COB Kadenar) में हुई एक गोलीबारी की घटना के दौरान उन्होंने बहादुरी से मुकाबला करते हुए देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया था। युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी यह सड़क समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इस सड़क का नामकरण शहीद दलजीत सिंह के नाम पर करना उनकी देशभक्ति की विचारधारा को जीवित रखने का एक प्रयास है। यह मार्ग आने वाली पीढ़ियों और स्थानीय युवाओं को देशप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। इस ऐतिहासिक पहल के लिए लुधियाना जिला प्रशासन, ग्राम पंचायत और सभी ग्रामवासियों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया गया, जिनके अथक सहयोग से यह आयोजन सफल हो सका। शहीद के परिवार को किया गया सम्मानित इस भावुक क्षण पर शहीद दलजीत सिंह के परिवार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इस परिवार ने अपने पुत्र, पति और भाई को देश के लिए न्योछावर कर राष्ट्र के प्रति सबसे बड़ा योगदान दिया है।कार्यक्रम में ITBP के डिप्टी कमांडेंट मुख्तार सिंह, इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम चंद, एसआई कमलप्रीत सिंह के साथ-साथ शहीद की पत्नी हरप्रीत कौर, भाई मनजीत सिंह सोनी धालीवाल और पुत्र अभिजोत सिंह धालीवाल उपस्थित थे। इनके अलावा सरपंच सुरिंदर पाल सिंह, बलजीत सिंह सोनी, अमरीक सिंह, प्रीतम सिंह, सरबजीत सिंह (प्रधान वेरका मिल्क सोसायटी), महेंद्र सिंह (मीत प्रधान), मास्टर नरेंद्र सिंह बेदी, रविंदर सिंह, मास्टर गुरसेवक सिंह, निर्भय सिंह, गुरदीप सिंह, परमजीत सिंह, निर्मल सिंह पंच, जसबीर सिंह राजू, हरिंदर पाल सिंह पंच और प्रभजीत सिंह सूबेदार सहित बड़ी संख्या में इलाका निवासी मौजूद रहे।