समाचार · मध्य प्रदेश
बारिश से आफत…PWD के ब्रिज की प्रोटेक्शन वॉल धंसी:खंडवा की पंधाना-झिरन्या रोड़ पर हादसे का डर; प्रशासन ने बैरिकेड लगाए
पंधाना से करीब एक किलोमीटर दूर झिरनिया रोड़ पर कुंडिया गांव के पास स्थित पुल का एक हिस्सा धंस गया हैं। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण ब्रिज की मिट्टी धंस गई हैं। पुल के एक कोने की प्रोटेक्शन वॉल के धंसने से सड़क किनारे कटाव की स्थिति बन गई है। इससे यहां से गुजरने वाले लोगों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर क्षतिग्रस्त हिस्से के पास बैरिकेडिंग कर दी है, हालांकि पुल से आवागमन फिलहाल जारी है। बारिश के कारण पुल के किनारे मिट्टी का कटाव होने से उसका एक हिस्सा प्रभावित हुआ है। यदि समय रहते क्षतिग्रस्त प्रोटेक्शन वॉल की मरम्मत नहीं की गई और बारिश का दौर जारी रहा, तो कटाव और बढ़ने की आशंका है। ऐसे में पुल की सुरक्षा को लेकर भी स्थिति गंभीर हो सकती है। पीएमजीएसवाई इंजीनियर ने किया निरीक्षण मामले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के इंजीनियर अनिल निगवाल ने बताया कि, उक्त ब्रिज का निर्माण पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा कराया गया था। लगातार बारिश के चलते ब्रिज की प्रोटेक्शन वॉल धंस गई है। वर्तमान में इसी ब्रिज से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क का अलाइनमेंट निकल रहा है और सड़क का निर्माण कार्य भी जारी है। उन्होंने बताया कि ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलने के बाद मौके पर जाकर निरीक्षण किया गया। लगातार बारिश के कारण कटाव की स्थिति बनी है। प्रोटेक्शन वॉल के पुनर्निर्माण के लिए ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल आवागमन जारी, लेकिन सावधानी जरूरी ब्रिज के क्षतिग्रस्त हिस्से पर प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर वाहन चालकों को सावधान किया है। फिलहाल मार्ग पर आवागमन बंद नहीं किया गया है। हालांकि बारिश के दौरान पुल के आसपास कटाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी से गुजरने की जरूरत है। स्थानीय लोगों का कहना है कि, पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की जल्द मरम्मत जरूरी है। यदि बारिश के बीच कटाव बढ़ा तो पुल के किनारे का हिस्सा और धंस सकता है, जिससे बड़े वाहनों के लिए भी खतरा उत्पन्न हो सकता है। ऐसे में संबंधित विभाग जल्द से जल्द प्रोटेक्शन वॉल का निर्माण कराए।