national · पश्चिम बंगाल
कोलकाता में जल्द दौड़ेगी चालक रहित मेट्रो, सीआरएस ने दी ग्रीन लाइन पर परिचालन की मंजूरी

कोलकाता से श्रीकांत शर्मा की रिपोर्ट
कोलकाता मेट्रो रेलवे की ईस्ट-वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर (ग्रीन लाइन) पर अब बिना ड्राइवर (चालक रहित) मेट्रो सेवा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है. कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) ने सफल परीक्षण और सुरक्षा निरीक्षण के बाद चालक रहित मेट्रो परिचालन को मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही कोलकाता में यात्रियों के लिए पूरी तरह स्वचालित (ऑटोमैटिक) मेट्रो सेवा शुरू होने की उम्मीद बढ़ गयी है.
हावड़ा मैदान से सॉल्टलेक सेक्टर फाइव तक की मंजूरी
मेट्रो सूत्रों के अनुसार, सीआरएस ने निरीक्षण के विभिन्न पहलुओं की जांच-पड़ताल करने के बाद ड्राइवरलेस मेट्रो परिचालन के लिए क्लियरेंस दे दिया है. हालांकि, मेट्रो रेलवे की ओर से इस संबंध में आधिकारिक जानकारी अभी जारी नहीं की गयी है. चालक रहित मेट्रो सेवा की शुरुआत फिलहाल ग्रीन लाइन के हावड़ा मैदान-सेक्टर फाइव रूट पर होने की संभावना है. पिछले रविवार को हावड़ा मैदान से सॉल्टलेक सेक्टर फाइव तक बिना ड्राइवर के मेट्रो का टेस्ट रन और सुरक्षा निरीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया गया था.
गंगा के नीचे बनी सुरंग का भी सफल परीक्षण
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी ने अंडरवाटर टनल समेत पूरे रूट पर आपात परिस्थितियों में ट्रेन संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की. इसके बाद मंगलवार को सीआरएस ने चालक रहित मेट्रो परिचालन को मंजूरी प्रदान कर दी. मेट्रो सूत्रों के मुताबिक, पूरा रूट कम्युनिकेशन-बेस्ड ट्रेन कंट्रोल (सीबीटीसी) सिग्नलिंग टेक्नोलॉजी पर आधारित है. गंगा के नीचे बनी 520 मीटर लंबी सुरंग में भी ट्रेन परिचालन का सफल परीक्षण किया गया. इस सुरंग को पार करने में मेट्रो को करीब 45 सेकंड का समय लगा.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
परीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
रविवार को हावड़ा मैदान से सेक्टर फाइव तक एक रेक का संचालन किया गया. हालांकि मेट्रो बिना ड्राइवर की मदद के चली, लेकिन सुरक्षा कारणों से ड्राइवर केबिन में मौजूद था. इस दौरान सीआरएस के अधिकारियों के साथ मेट्रो रेलवे के परिचालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे. ड्राइवरलेस मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद कोलकाता देश के उन चुनिंदा शहरों में शामिल हो जायेगा, जहां पूरी तरह स्वचालित मेट्रो परिचालन की सुविधा उपलब्ध होगी.
Also Read: पश्चिम बंगाल में 12 जिलों के मदरसों की होगी जांच, 21 जुलाई तक सरकार को मिलेगी रिपोर्ट