समाचार · मध्य प्रदेश
जावद के कलाकार ने 6MM की चांदी पर उकेरे अष्टविनायक:दूर्वा पर विराजे गणपति, चावल के दाने से भी छोटी आकृति का वजन सिर्फ 70 मिलीग्राम
नीमच जिले के जावद में गणेशोत्सव के मौके पर एक अनोखी कलाकृति सामने आई है। जावद के मशहूर माइक्रो आर्टिस्ट राजेश सोनी ने 6 मिलीमीटर लंबी और 70 मिलीग्राम वजनी चांदी की पट्टी पर भगवान गणेश के आठ स्वरूपों (अष्टविनायक) की बेहद छोटी कलाकृति बनाई है। यह कलाकृति इतनी छोटी है कि इसे चावल के दाने से भी छोटा बताया जा रहा है। इसे भगवान गणेश की प्रिय हरी दूर्वा की पत्ती पर भी आसानी से रखा जा सकता है। आकार में भले ही यह कुछ मिलीमीटर की हो, लेकिन इसमें कलाकार की लगन और धार्मिक आस्था साफ दिखती है। इस माइक्रो आर्ट में भगवान गणेश के आठ पौराणिक स्वरूपों - श्री मयूरेश्वर, श्री सिद्धिविनायक, श्री बल्लालेश्वर, श्री वरदविनायक, श्री चिंतामणि, श्री गिरिजात्मक, श्री विघ्नेश्वर और श्री महागणपति को उकेरा गया है। कलाकृति के श्रृंगार में पारंपरिक सामग्री जैसे हल्दी, कुमकुम, अक्षत (चावल) और दूर्वा का इस्तेमाल किया गया है। यह धर्म, अध्यात्म और प्राकृतिक कला का अनोखा उदाहरण है। माइक्रो आर्टिस्ट राजेश सोनी की यह पहली उपलब्धि नहीं है। इससे पहले भी वे सोने का दुनिया का सबसे छोटा अफीम डोडा, सूक्ष्म क्रिकेट वर्ल्ड कप ट्रॉफी और विश्व का सबसे छोटा ताजमहल बना चुके हैं। गणेशोत्सव के मौके पर चांदी से बनी यह अष्टविनायक कलाकृति अभी इलाके में लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।