समाचार · हरियाणा
उधार के रुपए मांगने पर की थी दुकानदार की हत्या:बहादुरगढ़ में चाकू से हमला कर उतारा था मौत के घाट, बेटा भी हुआ था घायल; एक आरोपी गिरफ्तार
बहादुरगढ़ के लाइनपार क्षेत्र के छोटूराम नगर में उधार के रुपये मांगना एक किरयाणा दुकानदार को भारी पड़ गया। आरोप है कि करीब 9700 रुपए मांगने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी और उसके दो साथियों ने दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए दुकानदार के 14 वर्षीय बेटे पर भी हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल दुकानदार की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में लाइनपार थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बेटे के साथ उधार के पैसे मांगने गया था दुकानदार पुलिस के अनुसार मृतक अभिषेक मूल रूप से कल्याणपुर, बिहार का रहने वाला था और फिलहाल छोटूराम नगर में पत्नी व परिवार के साथ रहता था। वह गली नंबर-1 में किरयाणा की दुकान चलाता था। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला मुकेश लंबे समय से उसकी दुकान से उधार सामान ले रहा था और उस पर करीब 9700 रुपए बकाया थे। 19 जुलाई को अभिषेक का 14 वर्षीय बेटा अभिराज उधार के रुपये मांगने मुकेश के पास गया, लेकिन पैसे नहीं मिले। इसके बाद अभिषेक अपने बेटे के साथ मुकेश के घर पहुंचा। यहां रुपये मांगने को लेकर कहासुनी हो गई और विवाद बढ़ गया। चाकू से ताबड़तोड़ वार, बेटा भी हुआ घायल आरोप है कि विवाद के दौरान मुकेश ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर अभिषेक और उसके बेटे के साथ मारपीट की। इसी दौरान अभिषेक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए गए। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके बेटे अभिराज पर भी हमला किया गया। गंभीर हालत में अभिषेक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। एक आरोपी गिरफ्तार, एक दिन के रिमांड पर मृतक की पत्नी की शिकायत पर लाइनपार थाना पुलिस ने मुकेश समेत तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकेश निवासी अमर छितौनी, जिला पूर्वी चंपारण (बिहार), हाल छोटूराम नगर, बहादुरगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार रिमांड के दौरान वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका, घटना में इस्तेमाल चाकू और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। मामले में पुलिस की जांच जारी है।