sports
मिचेल मार्श ने रचा इतिहास, एक साल में 1500 टी20 रन बनाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बने

ऑस्ट्रेलिया के टी20 कप्तान मिचेल मार्श ने रविवार को एक उपलब्धि हासिल कर ली है. मार्श एक कैलेंडर ईयर में 1500 टी20 रन बनाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए हैं. मार्श ने यह उपलब्धि द हंड्रेड के दौरान सनराइजर्स लीड्स के लिए खेलते हुए हासिल की.
मार्श ने टिम डेविड को छोड़ा पीछे
हेडिंग्ले में वेल्श फायर के खिलाफ मुकाबले में मार्श ने 34 गेंदों पर 50 रन की पारी खेली. उनकी इस पारी के साथ 2026 में उनके टी20 रनों का आंकड़ा 1502 रन पहुंच गया. उन्होंने यह रन 35 मैचों में बनाए हैं. मार्श ने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. इससे पहले एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टी20 रन बनाने का रिकॉर्ड टिम डेविड के नाम था, जिन्होंने 2022 में 73 मैचों में 1461 रन बनाए थे.
मार्श ने एक ही साल में कई टीमों के लिए किया कमाल
मार्श के लिए 2026 का साल बेहद व्यस्त और शानदार रहा है. उन्होंने इस साल पर्थ स्कॉर्चर्स के लिए बिग बैश लीग, लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आईपीएल, ऑस्ट्रेलिया के लिए टी20 इंटरनेशनल और सनराइजर्स लीड्स के लिए द हंड्रेड में हिस्सा लिया. ऑस्ट्रेलिया के लिए सात टी20 इंटरनेशनल मैचों में उन्होंने 230 रन बनाए. वहीं आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से 13 मैचों में उनके बल्ले से 563 रन निकले. बिग बैश लीग में भी मार्श ने आठ मैचों में 335 रन बनाए. इसके बाद द हंड्रेड में भी उनका बल्ला लगातार चल रहा है. मौजूदा सीजन में सात मैचों में 374 रन बनाकर वह टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं.
ये भी पढ़ें: 17 किलो वजन घटाया, कश्मीर में बहाया पसीना... 2 साल बाद सरफराज खान ने ऐसे किया टीम इंडिया में कमबैक
मिचेल मार्श का 2026 में प्रदर्शन
द हंड्रेड में भी रिकॉर्ड के करीब
मार्श सिर्फ ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड तोड़कर रुकने वाले नहीं हैं. द हंड्रेड के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अब उनकी पहुंच में है. मौजूदा सीजन में सनराइजर्स लीड्स के लिए वह अब तक चार अर्धशतक लगा चुके हैं. अगर टूर्नामेंट के बचे मुकाबलों में वह 51 या उससे ज्यादा रन बना लेते हैं, तो वह द हंड्रेड के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे. फिलहाल यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज जेम्स विंस के नाम है. उन्होंने 2024 में सदर्न ब्रेव के लिए 10 मैचों में 424 रन बनाए थे.
ऑस्ट्रेलिया के लिए एक और रिकॉर्ड किया अपने नाम
एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टी20 रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की सूची में अब मार्श सबसे ऊपर पहुंच गए हैं. उनके बाद टिम डेविड, ट्रेविस हेड, आरोन फिंच और डी'आर्सी शॉर्ट जैसे खिलाड़ी शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: 6,6,6,6,6,6... टोबी एल्बर्ट ने कूटे 86 रन, 232 की स्ट्राइक रेट से जड़े 8 छक्के