समाचार · हरियाणा
झज्जर हितेश हत्याकांड का एक और आरोपी गिरफ्तार:7 केस पहले से दर्ज,ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत माछरौली पुलिस की कार्रवाई
झज्जर पुलिस के ऑपरेशन ट्रैक डाउन अभियान के तहत पुलिस ने चर्चित हत्याकांड के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। माछरौली थाना पुलिस ने आरोपी को अदालत से जारी प्रोडक्शन वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। 15 मई की रात स्विफ्ट कार में बैठे युवक पर हुई थी फायरिंग माछरौली थाना प्रभारी उप निरीक्षक राम अवतार कुमार ने बताया कि गांव सुबाना निवासी यतेन्द्र ने शिकायत दी थी कि 15 मई 2026 की रात उसके चाचा हितेश उर्फ गुल्लू अपने घर के पास स्विफ्ट कार में बैठे हुए थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और पिस्तौल से उन पर फायरिंग कर दी। करीब 30 राउंड फायरिंग की गई थी। गोली लगने से हितेश की मौत हो गई थी। शिकायत के आधार पर थाना माछरौली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में वांछित आरोपियों की तलाश शुरू की। प्रोडक्शन वारंट पर पकड़ा आरोपी जांच के दौरान गांव जैतपुर निवासी राकेश का नाम सामने आया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही थी। इसी बीच उसे अदालत से जारी प्रोडक्शन वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। हथियार और वाहन को लेकर होगी पूछताछ पुलिस के अनुसार रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों के अलावा घटना में इस्तेमाल हथियार और वाहन के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। आरोपी पर पहले से 7 आपराधिक मामले पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राकेश के खिलाफ पहले से 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत झज्जर पुलिस द्वारा फरार और वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।