समाचार · मध्य प्रदेश
छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में निर्माणाधीन बिल्डिंग से चोरी:महिला पाइप लेकर भागते पकड़ाई, साथी किशोर मौके से फरार
छिंदवाड़ा जिला अस्पताल परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के बीच निर्माण सामग्री और पुरानी बिल्डिंग से निकल रहे लोहे के सामान की चोरी थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार शाम एक महिला को निर्माणाधीन भवन से लोहे के पाइप चोरी कर ले जाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया, जबकि उसके साथ मौजूद एक किशोर मौके पर अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला पुरानी बिल्डिंग से निकाले गए कटे हुए लोहे के पाइप लेकर बाहर जा रही थी। स्थानीय लोगों को संदेह होने पर उसे रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से पाइप बरामद हुए। घटना की सूचना तुरंत कोतवाली पुलिस को दी गई। पहले भी हो चुकी हैं कई शिकायतें जिला अस्पताल में पुराने हिस्से को डिस्मेंटल कर नई बिल्डिंग का निर्माण किया जा रहा है। अस्पताल का आधा हिस्सा पहले ही बन चुका है, जबकि शेष भाग में निर्माण कार्य जारी है। इसी दौरान निर्माण सामग्री और टूटी हुई बिल्डिंग से निकलने वाले लोहे सहित अन्य कीमती सामान की लगातार चोरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कम उम्र के बच्चे और कुछ महिलाएं परिसर में घुसकर लोहे की सामग्री चोरी कर बाहर कबाड़ में बेच देते हैं। इस संबंध में पहले भी पुलिस को शिकायत दी जा चुकी है। पुलिस बोली- सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत कोतवाली थाना प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि क्षेत्र से लगातार छोटी-मोटी चोरी की सूचनाएं मिल रही थीं। इसे देखते हुए सुरक्षा गार्डों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए थे। मंगलवार को सामने आए मामले को गंभीरता से लिया गया है और निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।