समाचार · मध्य प्रदेश
रतलाम में निकली तिरंगा वाहन रैली:देश भक्ति गीतों के साथ हाथों में तिरंगा थामे निकले; भारत माता की आरती कर लगाए जयकारे
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा बुधवार दोपहर शहर में तिरंगा वाहन रैली निकाली। रैली में वाहनों पर सवार कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा थामे भारत मां के जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। रैली सुबह 11 बजे महलवाड़ा से शुरू होने वाली थी. लेकिन दो घंटे लेट देरी से दोपहर 1 बजे शुरू हो पाई। रैली में सबसे आगे डीजे पर देश भक्ति के गीत बज रहे थे। इनके पीछे मातृ शक्तियां केसरिया साफा बांधे हाथों में तिरंगा लेकर वाहनों पर सवार थी। इनके पीछे युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन हेलमेट पहने बुलेट लेकर शामिल हुए। जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल, जिला महामंत्री कृष्णा डिंडौर, उपाध्यक्ष गौरव मूणत समेत सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लहराते हुए शामिल हुए। इन मार्गों से निकली रैली रैली महलवाड़ा से पैलेस रोड, डालूमोदी बाजार, माणकचौक, घांस बाजार, चौमुखी पुल, चांदनीचौक, हरदेवलाला पिपली, गणेश देवरी, धानमंडी, शहर सराय, सैलाना बस स्टैंड ओव्हरब्रिज, राम मंदिर होते हुए अलकापुरी स्थित भारत माता गार्डन में भारत माता की आरती के साथ समापन हुई।