समाचार · मध्य प्रदेश
दतिया में CJM को जान से मारने की धमकी:बंगले के बाहर पहुंचा व्यक्ति, कर्मचारी से कहा-4 लोगों को मार चुका हूं; साहब को बाहर निकालो
दतिया शहर के सिविल लाइन इलाके में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) सतीश वसुनिया के बंगले के बाहर एक अज्ञात व्यक्ति ने पहुंचकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने बंगले पर मौजूद न्यायालय के कर्मचारी से कहा कि वह चार लोगों को मार चुका है और साहब को भी मारना है। घटना 23 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कर्मचारी से कहा- साहब को बाहर निकालो CJM सतीश वसुनिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 जुलाई को वह सिविल लाइन स्थित अपने बंगले पर मौजूद थे। इसी दौरान न्यायालय का एक कर्मचारी बंगले पर पहुंचा। कर्मचारी ने उन्हें बताया कि बाहर एक व्यक्ति खड़ा है, जो उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा है। आरोपी ने कर्मचारी से कहा कि वह चार लोगों को मार चुका है और साहब कहां हैं, उन्हें बाहर निकालो, उन्हें भी मारना है। CJM बाहर आए, तब तक निकल चुका था आरोपी कर्मचारी से जानकारी मिलने के बाद CJM सतीश वसुनिया बंगले से बाहर आए। हालांकि, उनके बाहर आने तक आरोपी वहां से जा चुका था। शिकायत के अनुसार आरोपी की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई गई है। घटना के समय उसने सफेद रंग की टी-शर्ट और काले रंग का लोअर पहन रखा था। न्यायालय में गंभीर अपराधों के आरोपी होते हैं पेश CJM ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके न्यायालय में प्रतिदिन अलग-अलग मामलों की सुनवाई होती है। इनमें गंभीर अपराधों के आरोपी भी न्यायालय में पेश होते हैं।ऐसे में बंगले के बाहर अज्ञात व्यक्ति के पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने की घटना के बाद उन्होंने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। 24 जुलाई को SP को दिया था आवेदन घटना के अगले दिन 24 जुलाई को CJM की ओर से पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी गई थी। इसमें घटना की जानकारी देते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा से संबंधित मांग की गई थी। यह शिकायत बाद में 10 अगस्त को कोतवाली थाना पहुंची, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। BNS की धारा 351(3) में केस दर्ज पुलिस ने CJM की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपी की पहचान के लिए बंगले के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा आरोपी की पहचान से जुड़े अन्य माध्यमों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस पुलिस के सामने फिलहाल आरोपी की पहचान करना सबसे अहम है। शिकायत में बताए गए हुलिए और घटना के समय की जानकारी के आधार पर पुलिस आसपास के CCTV फुटेज की जांच कर रही है। मामले में आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वह CJM के बंगले तक किस उद्देश्य से पहुंचा था और धमकी देने के पीछे उसकी क्या मंशा थी।