समाचार · मध्य प्रदेश
दमोह पुलिस ने जब्त किए 21 मॉडिफाइड साइलेंसर:दो दुकान संचालकों पर केस; सभी साइलेंसरों को नष्ट करेगी पुलिस
दमोह कोतवाली और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को शहर की ऑटो पार्ट्स दुकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बुलेट बाइक में लगाए जाने वाले 21 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए हैं। इन अमानक साइलेंसरों से पटाखे जैसी तेज आवाज निकलती है, जिससे सड़क पर राहगीरों और वाहन चालकों के बीच दहशत का माहौल बनता है। मामले में दो दुकान संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बस स्टैंड और बजरिया की दुकानों पर पुलिस का छापा एसपी आनंद कलादगी के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार और यातायात थाना प्रभारी दलवीर सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम ने शहर की दुकानों पर औचक दबिश दी, जिसमें बस स्टैंड स्थित 'नेशनल हॉर्न एक्सेसरीज' और बजरिया वार्ड क्रमांक 2 स्थित 'दमोह कार एंड बाइक डेकोरेशन' से भारी मात्रा में यह अवैध साइलेंसर बरामद हुए। भारतीय न्याय संहिता के तहत केस पुलिस ने इन साइलेंसरों को कब्जे में लेकर मोटर व्हीकल एक्ट और नवगठित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 182 क(3) के तहत मामला दर्ज किया है। जिन आरोपियों पर केस दर्ज कर इस्तगाशा कोर्ट में पेश किया जा रहा है, उनमें गढ़ी मोहल्ला निवासी अख्तर (45) (नेशनल हॉर्न एक्सेसरीज) और बजरिया निवासी सोहेल (24) (दमोह कार एंड बाइक डेकोरेशन) शामिल हैं। सभी साइलेंसरों को किया जाएगा नष्ट एसपी आनंद कलादगी ने शनिवार शाम को बताया कि बुलेट बाइकों में तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने और लगाने वालों पर पुलिस लगातार नजर रख रही है। जब्त किए गए सभी 21 साइलेंसरों को रोड रोलर से कुचलवाकर नष्ट किया जाएगा। एसपी ने चेतावनी दी है कि शहर का कोई भी मैकेनिक या ऑटो पार्ट्स संचालक ऐसे साइलेंसर न बेचे, अन्यथा उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।