Tuesday, 21 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

सोनीपत स्पोर्ट्स स्टेडियम में मिलेंगी नई सुविधाएं:जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया, विधायक निखिल मदान ने एसएमडीए अधिकारियों संग दौरा कर दिए निर्देश

INT News20 July 2026 at 08:40 pm

सोनीपत में सोमवार को विधायक निखिल मदान ने एसएमडीए (सोनीपत मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी) अधिकारियों के साथ सेक्टर 4 का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं पर चर्चा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विधायक मदान ने कहा कि हरियाणा, विशेषकर सोनीपत जिले को 'पदकों की खान' कहा जाता है। ओलिंपिक हो या कॉमनवेल्थ गेम्स, सोनीपत के खिलाड़ी हमेशा सबसे अधिक पदक जीतते हैं। ऐसे में जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों और युवाओं की जरूरतों को देखते हुए सेक्टर 4 स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल सुविधाओं को जल्द शुरू करना आवश्यक है। ओपन क्रिकेट ग्राउंड भी तैयार होगा उन्होंने स्टेडियम में 2 वॉलीबॉल कोर्ट, 2 पिकल बॉल कोर्ट, 2 बास्केट बॉल कोर्ट, 2 लॉन टेनिस कोर्ट, 1 बॉक्स क्रिकेट और 1 पैडल कोर्ट जैसी सुविधाएं बनाने का प्रस्ताव रखा। इसके अतिरिक्त, जब तक सेक्टर 4 स्पोर्ट्स स्टेडियम में बहुउद्देशीय हॉल और एथलेटिक्स पवेलियन नहीं बन जाता, तब तक एक ओपन क्रिकेट ग्राउंड भी तैयार किया जाए। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी विधायक ने इन सभी कार्यों पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के लिए एसएमडीए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। इन परियोजनाओं के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विधायक निखिल मदान ने यह भी बताया कि सेक्टर 4 स्पोर्ट्स स्टेडियम से सटी 14 एकड़ भूमि पर पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड में थीम पार्क बनाने के लिए भी एसएमडीए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। ऑक्सीजन बाग की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश इसके अलावा, सेक्टर 4 में स्पोर्ट्स स्टेडियम से आगे राजपुरा माइनर के साथ लगती 15 एकड़ भूमि पर ऑक्सीजन बाग लगाने के लिए भी अधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। यह पहल भविष्य में सोनीपत वासियों को प्रदूषण से निजात दिलाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण होगी। इस अवसर पर मुख्य अभियंता यजेश मेहरा, कार्यकारी अभियंता अमित कुमार, एसडीओ राजपाल और कनिष्ठ अभियंता गौरव कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।