समाचार · मध्य प्रदेश
दमोह में गल्ला व्यापारी के घर लाखों की लूट:घर में घुसे 6 नकाबपोश बदमाश, हाथ-पैर बांधकर वारदात को दिया अंजाम
दमोह जिले के सुखी पिपरिया गांव में शुक्रवार रात एक गल्ला व्यापारी के घर लाखों की लूट हुई। 6 अज्ञात बदमाशों ने व्यापारी विजय जैन और उनकी पत्नी कीर्ति जैन के हाथ-पैर बांधकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने बंदूक की बट से हमला भी किया और करीब 8 तोला सोना, जेवर और 1 लाख रुपए नकद लूटकर फरार हो गए। सीएसपी एचआर पांडे ने बताया की सूखी पिपरिया गांव में विजय जैन के घर पर अज्ञात आरोपियों के द्वारा 8 तोला सोना और कुछ नगदी छीन कर ले गए हैं। यह घटना देहात थाना क्षेत्र की नरसिंहगढ़ चौकी अंतर्गत शुक्रवार देर रात करीब 2 से 3 बजे हुई। पीड़ित के पड़ोसी देवेंद्र पटेल ने बताया कि विजय जैन अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। 6 नकाबपोश बदमाश बाउंड्री के सहारे ऊपर पहुंचे और खुले गेट से सीधे कमरे में घुस गए। बदमाशों ने तुरंत विजय जैन की कनपटी पर बंदूक रख दी। उन्होंने एक साड़ी से उनके हाथ और लोअर से पैर बांध दिए। इसके बाद, आरोपियों ने उनके सीने पर बैठकर अलमारी की चाबी मांगी। जब पत्नी ने चाबी देने से मना किया, तो बदमाशों ने विजय जैन के सिर पर बंदूक की बट से हमला कर दिया। इससे घबराई पत्नी ने तत्काल अलमारी की चाबी दे दी। सोना और नकदी ले गए आरोपी करीब 8 तोला सोना, कीर्ति जैन के पहने हुए जेवर और लगभग 1 लाख रुपये नकद लूटकर ले गए। भागते समय, बदमाश विजय जैन के दो मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए, ताकि पुलिस को तुरंत सूचना न दी जा सके। वारदात के बाद, पीड़ित दंपति ने पड़ोसियों को जानकारी दी और फिर पुलिस को सूचित किया। शनिवार सुबह देहात थाना पुलिस के साथ दमोह एसपी आनंद कलादगी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित से जानकारी लेने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। रोहित और सूनील नाम लिए इसके अलावा जिस समय आरोपी घटना को अंजाम दे रहे थे उनके द्वारा रोहित और सुनील दो नाम लिए गए। लूट के बाद आरोपी भाग गए तो पीड़ित ने तत्काल ही पड़ोसियों को सूचना दी। पुलिस को अवगत कराया रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन कोई खास सुराग नहीं लगा। घटनास्थल पहुंचे पुलिस अधिकारी
सुबह एसपी आनंद कलादगी, सीएसपी एचआर पांडे, देहात थाना टीआई धर्मेंद्र उपाध्याय, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले में जांच शुरू की। बताया गया है कि आरोपी व्यापारी के साथ जब मारपीट कर लूट की घटना को अंजाम दे रहे थे। तब वह दो लोगों के नाम बार-बार ले रहे थे। पीड़ित के द्वारा पुलिस को इन दो लोगों के नाम के संबंध में जानकारी दी गई तो पुलिस ने दो संदिग्ध को भी उठाया है, लेकिन अभी कोई खास जानकारी नहीं लगी है।