समाचार · उत्तर प्रदेश
कानपुर से लखनऊ सिर्फ 186 रुपये में: 15 अगस्त से शुरू होगी नई AC ई-बस सेवा, प्रयागराज भी जुड़ेगा

UP News: स्वतंत्रता दिवस पर कानपुर के यात्रियों को बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है. 15 अगस्त से झकरकटी बस अड्डे से लखनऊ और प्रयागराज के लिए 15 नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होगा. इनमें आठ बसें लखनऊ के आलमबाग बस अड्डे तक जाएंगी, जबकि सात बसें प्रयागराज रूट पर चलेंगी.
लखनऊ के लिए 8, प्रयागराज के लिए 7 ई-बसें
नई व्यवस्था के तहत कानपुर से लखनऊ के लिए आठ इलेक्ट्रिक बसें और प्रयागराज के लिए सात बसें चलेंगी. सभी बसें एसी होंगी, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी के सफर में बेहतर सुविधा मिलेगी. ई-बसों के संचालन के लिए यूपीएसआरटीसी ने आरबी मोबिलिटी के साथ 12 साल का अनुबंध किया है.
लखनऊ का किराया 186 रुपये, 14 स्टॉपेज
कानपुर से लखनऊ जाने वाली ई-बस का किराया 186 रुपये तय किया गया है. इस रूट पर कुल 14 स्टॉपेज होंगे. नौ मीटर लंबी इन बसों में 35 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी.
प्रयागराज का किराया अभी तय नहीं
कानपुर-प्रयागराज रूट पर चलने वाली सात ई-बसें 12 मीटर लंबी होंगी. इनमें 51 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी. हालांकि इस रूट का किराया और स्टॉपेज अभी तय नहीं किये गये हैं. परिवहन निगम इनकी तैयारी में जुटा है.
किदवईनगर डिपो में तैयार हो रहे चार्जिंग प्वाइंट
ई-बसों के संचालन के लिए किदवईनगर डिपो में चार्जिंग स्टेशन तैयार किया जा रहा है. यहां चार चार्जिंग प्वाइंट बनाये जा रहे हैं. फिलहाल तीन ई-बसें डिपो पहुंच चुकी हैं और बाकी बसों को भी जल्द बेड़े में शामिल किया जाएगा.
यात्रियों को मिलेगा नया और आरामदायक विकल्प
झकरकटी बस अड्डे से फिलहाल अलग-अलग जिलों के लिए करीब 900 एसी और साधारण बसों का संचालन किया जा रहा है. नई इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने से कानपुर से लखनऊ और प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का एक और आरामदायक विकल्प मिलेगा.
यह भी पढ़ें: काशी में नावों पर लगा ब्रेक: 15 फीट पीछे खिसकी गंगा आरती, गंगा के बढ़ते जलस्तर से प्रशासन सतर्क