समाचार · बिहार
सावन की दूसरी सोमवारी पर फूल-बेलपत्र व्यापारी हुए 'बम-बम', करीब तीन लाख रुपये का कारोबार

सावन 2026: सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ सहित शहर के विभिन्न शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और बेलपत्र अर्पित कर पूजा-अर्चना की. मंदिर प्रबंधन के अनुसार, गरीबनाथ मंदिर समेत शहर के अन्य शिवालयों में करीब दो लाख लोगों ने बाबा का जलाभिषेक किया. वहीं, करीब डेढ़ टन बेलपत्र से भगवान शिव की पूजा की गयी. बाजार में इस बार करीब दो टन बेलपत्र बिक्री के लिए उपलब्ध था.
बेलपत्र की बिक्री से हुआ करीब तीन लाख का कारोबार
भगवान शिव की पूजा में बेलपत्र का विशेष महत्व माना जाता है. मान्यता है कि बेलपत्र भगवान भोलेनाथ को बेहद प्रिय है. यही वजह है कि जलाभिषेक करने वाले अधिकांश श्रद्धालु जल के साथ बेलपत्र भी अर्पित करते हैं. फूल विक्रेताओं के अनुसार, सोमवार को बेलपत्र की मांग काफी अधिक रही. खुदरा बाजार में पांच रुपये में दो बेलपत्र की पत्तियां बेची गयीं. इस हिसाब से बेलपत्र के कारोबार का अनुमान करीब तीन लाख रुपये लगाया जा रहा है.
सुबह से ही दिखी फूल-बेलपत्र की दुकानों पर भीड़
कल्याणी चौक के फूल विक्रेता रामाशंकर ने बताया कि रविवार शाम से ही बेलपत्र की बिक्री शुरू हो गयी थी. सोमवार की शाम तक श्रद्धालु लगातार बेलपत्र खरीदते रहे. शहर के अलग-अलग बाजारों में फूल और बेलपत्र की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ देखी गयी.
जलाभिषेक में चढ़ा 1.40 लाख लीटर जल
सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक का सिलसिला रविवार सुबह से शुरू होकर सोमवार दोपहर करीब एक बजे तक चलता रहा. रविवार रात 12 बजे के बाद मंदिर और आसपास के इलाकों में कांवरियों की भीड़ तेजी से बढ़ने लगी. हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा इलाका शिवमय बना रहा.
1.40 लाख लीटर जल से हुआ जलाभिषेक
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, करीब तीन लाख कांवरियों और 50 हजार स्थानीय श्रद्धालुओं ने बाबा गरीबनाथ को जल अर्पित किया. यदि प्रत्येक श्रद्धालु द्वारा औसतन 400 मिलीलीटर जल चढ़ाने का अनुमान लिया जाए, तो कुल करीब 1.40 लाख लीटर जल बाबा पर अर्पित हुआ.
बाजार में दो टन बेलपत्र का था स्टॉक
श्रावणी मेले को देखते हुए फूल विक्रेताओं ने पहले से ही बड़ी मात्रा में बेलपत्र का स्टॉक रखा था. बाजार में करीब दो टन बेलपत्र बिक्री के लिए मंगाया गया था. दूसरी सोमवारी पर मांग बढ़ने के कारण इसका बड़ा हिस्सा बिक गया. श्रद्धालुओं की भीड़ और पूजा सामग्री की बढ़ी मांग से फूल विक्रेताओं के कारोबार में भी तेजी देखने को मिली.
शिवालयों में दिनभर रही श्रद्धालुओं की भीड़
दूसरी सोमवारी पर गरीबनाथ मंदिर के अलावा शहर के विभिन्न शिवालयों में भी सुबह से श्रद्धालुओं की कतार लगी रही. लोगों ने जल, दूध, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की. सावन की दूसरी सोमवारी पर उमड़ी भीड़ से पूरे शहर का माहौल भक्तिमय बना रहा.
यह भी पढे़ं: बाबा खगेश्वरनाथ मंदिर में एक लाख श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, 50 हजार कांवरिया पहुंचे