समाचार · हरियाणा
फतेहाबाद पुलिस ने पकड़ा हिसार निवासी हथियार सप्लायर:सीआईए टीम ने किया काबू; अवैध हथियारों की करता था सप्लाई
फतेहाबाद पुलिस की सीआईए टीम ने अवैध हथियार तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हिसार जिले के अग्रोहा क्षेत्र के गांव नंगथला निवासी सोनी उर्फ छब्बा के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में हिसार भेज दिया गया। इससे पहले पुलिस इसी मामले में दो आरोपियों को काबू कर चुकी है। मामले में अवैध हथियारों की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है। भट्टू में पकड़े गए आरोपी ने बताया था नाम सीआईए फतेहाबाद प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भट्टू कलां की खेत ढाणी, शिवा आश्रम के नजदीक निवासी राकेश उर्फ राका को 21 किलो 130 ग्राम गांजा, एक अवैध प्वाइंट 32 बोर पिस्तौल तथा दो जिंदा कारतूस सहित काबू किया था। इसके बाद उससे पूछताछ की गई। 24 सितंबर 2025 को दर्ज किया था केस मामले की जांच के दौरान पूछताछ में खुलासा हुआ कि बरामद अवैध पिस्तौल हिसार के गांव नंगथला निवासी सोनी उर्फ छब्बा ने उपलब्ध कराई थी। अब उसे पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में भट्टू कलां थाने में 24 सितंबर 2025 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(C), 27A, 61 एवं 85 और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 एवं 59 के तहत केस दर्ज किया गया था।