समाचार · पंजाब
जालंधर के रामा मंडी में दिनदहाड़े स्नेचिंग:महिला से सोने की चैन और मोबाइल झपटा, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
जालंधर के रामा मंडी स्थित गुलमोहर एवेन्यू में दिनदहाड़े स्नेचिंग की एक घटना सामने आई है। घर के बाहर सीढ़ियों पर बैठी जसबीर कौर को अकेला पाकर बाइक सवार लुटेरा उनका मोबाइल फोन और सोने की चैन झपटकर रफूचक्कर हो गया। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि फोन और चैन की कुल कीमत लगभग ₹1,35,000 थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना रामा मंडी की पुलिस और पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के परिवार ने लुटेरे की जानकारी देने वाले को ₹10,000 का इनाम देने का भी ऐलान किया है।
घर की सीढ़ियों पर बैठी थी पीड़िता पीड़ित महिला जसबीर कोर ने ने बताया कि घटना शाम लगभग 7:00 से 7:15 बजे के बीच की है। महिला जसबीर कौर अपने घर के बाहर सीढ़ियों (थड़ी) पर बैठी हुई थीं और पास में ही उनके बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति काले रंग की स्पलेंडर मोटरसाइकिल पर वहां से गुजरा। उसने पहले इलाके की रेकी की और फिर मौका मिलते ही महिला के पास पहुंचा। एक मिनट में वारदात को दिया अंजाम आरोपी ने महिला को संभलने तक का मौका नहीं दिया। उसने बिना कोई बात किए महज एक मिनट के भीतर महिला के हाथ से लगभग ₹35,000 का मोबाइल फोन छीना और गले से करीब एक तोले की सोने की चैन खींचकर फरार हो गया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी का चेहरा ढका हुआ नहीं था और वह बहुत तेजी से मोटरसाइकिल पर निकल गया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार और स्थानीय लोग बेहद डरे हुए हैं। परिजनों का कहना है कि अब अपने घर के बाहर बैठना और बच्चों को बाहर खेलने भेजना भी असुरक्षित हो गया है। इलाके में नशे का प्रकोप इतना बढ़ गया है कि नशेड़ी आए दिन ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस ने शुरू की सीसीटीवी कैमरों की जांच घटना की सूचना मिलने के लगभग आधा घंटा बाद थाना रामा मंडी की पुलिस और पीसीआर टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। गली और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी और उसकी मोटरसाइकिल की पहचान की जा सके और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।