sports
वैभव सूर्यवंशी ने शुरू की दलीप ट्रॉफी की तैयारी, शेयर किया प्रैक्टिस वीडियो

Vaibhav Suryavanshi Practice Video: भारतीय क्रिकेट के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने नए घरेलू सीजन की तैयारी शुरू कर दी है. जिम्बाब्वे दौरे से शानदार प्रदर्शन करके लौटने के बाद उन्होंने नेट्स में जमकर अभ्यास किया. सूर्यवंशी ने अपने इंस्टाग्राम पर अभ्यास का एक वीडियो भी शेयर किया. इस वीडियो में वह डिफेंस और आक्रामक शॉट्स की प्रैक्टिस करते दिख रहे हैं. उन्होंने वीडियो के साथ सिर्फ एक शब्द लिखा- ‘Preparation’ यानी ‘तैयारी’. वैभव के लिए पिछला कुछ समय बहुत अच्छा रहा है. सिर्फ 15 साल की उम्र में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा. इंग्लैंड दौरे पर उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, लेकिन जिम्बाब्वे दौरे पर उन्होंने शानदार वापसी की. अब वैभव के पास नए घरेलू सीजन में खुद को साबित करने का मौका है. वह दलीप ट्रॉफी में खेलेंगे और लंबे फॉर्मेट के क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी दिखाना चाहेंगे.
View on Instagram
जिम्बाब्वे दौरे पर बल्ले से मचाया धमाल
इंग्लैंड दौरे पर तीन पारियों में 20 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे दौरे पर अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा. उन्होंने तीन पारियों में 151 रन बनाए और सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. इस दौरान सूर्यवंशी ने दो अर्धशतक लगाए. उनका औसत 50.33 रहा, जबकि स्ट्राइक रेट 196.10 का रहा. उनकी सबसे बड़ी पारी 81 रन की रही. इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया. भारत ने जिम्बाब्वे को सीरीज में हराकर नए टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में अपनी पहली सीरीज जीत दर्ज की. इससे पहले भारत को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था.
वैभव का इंटरनेशनल क्रिकेट में प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी ने अब तक 6 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं. इन मैचों में उन्होंने 193 रन बनाए हैं. उनका औसत 32.16 और स्ट्राइक रेट 189.21 है। उन्होंने 2 अर्धशतक भी लगाए हैं. वैभव की सबसे बड़ी ताकत तेजी से रन बनाना है. लेकिन जिम्बाब्वे दौरे पर उन्होंने सिर्फ तेज बल्लेबाजी ही नहीं की, बल्कि जरूरत पड़ने पर संभलकर भी खेले. उनके इस प्रदर्शन से अब उम्मीद बढ़ गई है कि वह लंबे फॉर्मेट के क्रिकेट में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे.
इसे भी पढ़े- Hardik Pandya Trade Photos: IPL 2027 से पहले बढ़ा सस्पेंस, ये टीमें रेस में
15 साल 99 दिन की उम्र में बनाया बड़ा रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भारत के लिए डेब्यू किया. उस समय उनकी उम्र महज 15 साल और 99 दिन थी. इसके साथ ही वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बन गए. उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का लंबे समय से कायम रिकॉर्ड पीछे छोड़ा. सचिन ने टेस्ट क्रिकेट में 16 साल 205 दिन और वनडे क्रिकेट में 16 साल 238 दिन की उम्र में भारत के लिए पदार्पण किया था. हालांकि, इंग्लैंड दौरे पर सूर्यवंशी अपने डेब्यू को बड़ी पारियों में तब्दील नहीं कर सके. तीन पारियों में 20 रन का आंकड़ा नहीं छू पाने के बाद उनके प्रदर्शन पर सवाल उठे, लेकिन जिम्बाब्वे में उन्होंने जिस तरह वापसी की, उससे उनकी प्रतिभा और मानसिक मजबूती दोनों का पता चला.
अब दलीप ट्रॉफी में निभाएंगे उपकप्तान की भूमिका
वैभव सूर्यवंशी को 2026-27 घरेलू सीजन की शुरुआत में ही बड़ी जिम्मेदारी मिली है. ईस्ट जोन के चयनकर्ताओं ने विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को टीम का कप्तान बनाया है, जबकि सूर्यवंशी को उपकप्तान नियुक्त किया गया है. यह नियुक्ति उनके तेजी से बढ़ते क्रिकेट करियर में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव है. आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने के बाद अब उन्हें घरेलू प्रथम श्रेणी क्रिकेट के मंच पर लंबे समय तक बल्लेबाजी करने का अवसर मिलेगा. दलीप ट्रॉफी में सूर्यवंशी के सलामी बल्लेबाज के तौर पर उतरने की उम्मीद है. उनके साथ अनुभवी बंगाल बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन पारी की शुरुआत कर सकते हैं. ऐसे में युवा और अनुभव का यह संयोजन ईस्ट जोन की बल्लेबाजी को खासा मजबूत बना सकता है.
23 अगस्त से शुरू होगी दलीप ट्रॉफी
2026-27 सीजन की दलीप ट्रॉफी 23 अगस्त से शुरू होगी. शुरुआती मुकाबले में ईस्ट जोन का सामना नॉर्थ ईस्ट जोन से होगा. ईस्ट जोन की टीम में कई अनुभवी और प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं. टीम की कमान ईशान किशन के हाथों में होगी, जबकि वैभव सूर्यवंशी उपकप्तान होंगे.
ईस्ट जोन की पूरी टीम
ईशान किशन (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी (उपकप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, सुदीप घरामी, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, शाहबाज अहमद, सूरज जायसवाल, विराट सिंह, कुमार कुशाग्र, शिखर मोहन, सुब्रांशु सेनापति, अभिजीत सरकार, अनुकूल रॉय और डेनिश दास.
इसे भी पढ़े- रोहित शर्मा शो में क्या होगा खास? नए टीजर ने बढ़ाया सस्पेंस