समाचार · छत्तीसगढ़
हाइवा की टक्कर से 2 मवेशियों की मौत:धमतरी के बहीगांव में 3 मवेशी घायल; ड्राइवर फरार, जांच में जुटी पुलिस
धमतरी नगरी-बोरई मुख्य मार्ग पर ग्राम बहीगांव के पास तेज रफ्तार हाईवा ने मवेशियों के झुंड को टक्कर मार दी। हादसे में दो मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। हाईवा डस्ट से भरा हुआ था। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर बोरई थाना पुलिस पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की। मवेशियों के झुंड पर चढ़ा दिया हाईवा जानकारी के अनुसार, घटना बोरई थाना क्षेत्र के ग्राम बहीगांव के पास हुई। डस्ट से भरा हाईवा नगरी-बोरई मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क पर मवेशियों का झुंड जा रहा था। आरोप है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए चालक ने हाईवा मवेशियों के झुंड पर चढ़ा दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पांच मवेशी इसकी चपेट में आ गए। दो मवेशियों की मौत, तीन घायल हादसे में दो मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल मवेशियों को सड़क से हटाया गया और उनका उपचार कराया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया। तेज रफ्तार भारी वाहनों पर कार्रवाई की मांग घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में तेज रफ्तार भारी वाहनों को लेकर लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने डस्ट और रेत का परिवहन करने वाले वाहनों की गति नियंत्रित करने तथा हादसे के लिए जिम्मेदार हाईवा चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।