Wednesday, 8 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · गुजरात

Gujarat: विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, प्रदेश अध्यक्ष ने छेड़ा वन डे-वन असेंबली अभियान

INT News7 July 2026 at 10:37 pm

Ahmedabad. गुजरात विधानसभा का चुनाव अगले वर्ष 2027 में होगा। स्थानीय निकाय चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव में भी अच्छे प्रदर्शन दोहराने के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने वन डे वन असेंबली (एक दिन-एक विधानसभा) अभियान छेड़ा है। इसके तहत वे संबंधित विधानसभा का दौरा करते हैं। इसमें वे कार्यक्रमों को संबोधित करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं से भी मिलते हैं। बूथ स्तर पर पार्टी की स्थिति और विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से तैयारी की भी समीक्षा कर रहे हैं। इसके तहत वे बूथ कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर रहे हैं, ताकि जमीनी स्तर पर तैयारी और खामियों का पता लगाकर उस पर काम किया जा सके। इस पहल के तहत उन्होंने हाल ही में पंचमहाल जिले की शहेरा विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। मरडेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना करने के साथ शहेरा तहसील के मोरवा रेणा में संगठन के पदाधिकारियों, चुने हुए जन प्रतिनिधियों व बूथ कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद किया। विश्वकर्मा अपने इस दौरे में बूथ के नए कार्यकर्ताओं से लेकर स्थानीय स्तर पर पार्टी के सबसे अनुभवी और बुजुर्ग नेताओं से भी मिल रहे हैं। उनसे पार्टी और सरकार के कामकाज को लेकर फीडबैक ले रहे हैं। वे दाहोद जिले की लीमखेड़ा विधानसभा का भी इस अभियान के तहत दौरा कर चुके हैं। प्रदेश में पार्टी की ओर से प्रशिक्षण महा अभियान भी जारी है। विश्वकर्मा से पहले पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सी.आर.पाटिल भी राज्य में सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करते थे। यही वजह रही कि उन्होंने राज्य में बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं की तैयारी और कमियों को परखा और फीडबैक से पार्टी आलाकमान को अवगत कराया। इसके चलते पार्टी ने गुजरात में 182 में से अब तक की ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए सर्वाधिक 156 सीटें जीती थीं। गुजरात विधानसभा में भाजपा की मौजूदा स्थिति गुजरात विधानसभा में 182 सीटें हैं। उसमें से अभी भारतीय जनता पार्टी के पास 161 सीटें हैं। कांग्रेस पार्टी के पास 12, आम आदमी पार्टी के पास पांच सीटें हैं। दो सीटों पर निर्दलीय विधायकों की जीत हुई है। एक सीट पर समाजवादी पार्टी के विधायक की जीत हुई है। एक सीट अभी खाली है। वडोदरा की मांजलपुर सीट से भाजपा विधायक योगेश पटेल का निधन होने से यह सीट अभी खाली है। उस पर उप चुनाव की घोषणा की गई है।