समाचार · छत्तीसगढ़
कोरबा पुलिस लाइन में निकला करैत सांप:वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम ने जंगल में छोड़ा; झाड़ियों की कटाई की मांग
कोरबा पुलिस लाइन में 15 सितंबर की देर रात करीब 10 बजे कॉमन करैत सांप दिखाई दिया। इसे स्थानीय लोग घोड़ा करैत भी कहते हैं। सांप दिखने के बाद पुलिस लाइन में रहने वाले परिवारों में डर फैल गया। बच्चे और महिलाएं घरों में सहम गए। सूचना मिलने पर वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानी से सांप का रेस्क्यू किया। इसके बाद सांप को एक डिब्बे में रखा गया, ताकि उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ा जा सके। पुलिस लाइन घना रिहायशी इलाका है। यहां पुलिसकर्मियों के परिवार और छोटे बच्चे रहते हैं। सफाई और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था पर उठे सवाल घटना के बाद पुलिस लाइन के परिवारों ने परिसर की सफाई और स्ट्रीट लाइट की कमी पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि अंधेरा रहने से सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीव घरों तक पहुंच सकते हैं। बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी परिवारों ने चिंता जताई। हर पोल पर लाइट और झाड़ियों की कटाई की मांग परिवारों ने पुलिस लाइन में नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई और हर पोल पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है। जितेंद्र सारथी ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को फोन पर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने परिवारों की समस्याओं, रोशनी की कमी और सफाई व्यवस्था के बारे में बताया। अधिकारियों ने जल्द ध्यान देने और व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिया है। सांप दिखे तो खुद पकड़ने की कोशिश न करें जितेंद्र सारथी ने लोगों से घरों के आसपास सफाई रखने और कचरा जमा नहीं होने देने की अपील की। उन्होंने बच्चों को अंधेरे में बाहर खेलने से रोकने और रात में टॉर्च का इस्तेमाल करने की सलाह दी।