Wednesday, 2 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

हरदा में शराब माफिया का नया खेल:किराना दुकानों से सप्लाई, बोलेरो से गांवों तक पहुंचीं पेटियां; जांच की मांग तेज

INT News2 September 2026 at 10:41 am

हरदा जिले में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े तीन वीडियो सामने आने के बाद आबकारी विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। इनमें स्कूल के 100 मीटर के दायरे में शराब बिक्री, किराना दुकानों से सप्लाई और बोलेरो वाहन से महिलाओं के जरिए गांव-गांव शराब की पेटियां पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं। बोलेरो में महिला को शराब की पेटी देने का वीडियो सामने आए एक वीडियो में ठेकेदार की बोलेरो MP07 ZO 4887 में बैठा एक व्यक्ति महिला को शराब की पेटी देते नजर आ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि महिलाओं की आड़ में शराब की होम डिलीवरी कराई जा रही है। शराब बेचने वालों को हर महीने एक लाख रुपए तक कमाई का लालच दिए जाने की बात भी सामने आई है। स्कूल के पास शराब बिक्री पर उठे सवाल लोगों का कहना है कि प्रशासन स्कूलों में नशामुक्ति अभियान चला रहा है, लेकिन स्कूल के आसपास ही शराब की बिक्री के आरोप सामने आना चिंता का विषय है। उनका कहना है कि अवैध शराब का असर परिवारों, युवाओं और सड़क सुरक्षा पर पड़ रहा है। मामले में आबकारी विभाग से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है। आबकारी अधिकारी बोले- सूचना मिलते ही भेजते हैं टीम जिला आबकारी अधिकारी सुनील भोजने ने बताया कि अवैध शराब की सूचना मिलने पर संबंधित स्टाफ को मौके पर भेजकर कार्रवाई की जाती है। आबकारी कानून के तहत आपत्तिजनक सामग्री मिलने पर केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाती है। संबंधित व्यक्ति को भविष्य में अवैध शराब नहीं बेचने की हिदायत भी दी जाती है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में अवैध शराब बिक्री के करीब 1500 केस बनाए गए थे। वहीं, इस साल जुलाई तक आबकारी अधिनियम की धारा 34 के तहत 443 केस दर्ज किए जा चुके हैं। अधिकारी के मुताबिक कच्ची या अवैध शराब की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाती है। कनारदा की महिलाओं ने एसपी को दिया ज्ञापन इधर, मंगलवार को ग्राम कनारदा की महिलाओं ने एसपी शशांक को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने गांव में कच्ची शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।