Saturday, 19 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

गुरुग्राम में ब्लैक थार ड्राइवर का 'हाई-वोल्टेज ड्रामा':नशे में दोस्तों की कैब को बार-बार मारी टक्कर; एयरबैग खुलने से बची जान

INT News19 September 2026 at 01:34 pm

गुरुग्राम के सेक्टर-89 में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक थार गाड़ी ड्राइवर ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। नशे में धुत थार सवार युवक ने अपने ही दोस्तों की कैब को निशाना बनाते हुए एक के बाद एक कई बार जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैब के अगले दोनों एयरबैग खुल गए और गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि हादसे में कैब ड्राइवर और उसमें सवार दोनों युवक बाल-बाल बच गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आपसी विवाद के बाद हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दिल्ली नंबर की एक महिंद्रा थार गाड़ी में सवार होकर चार युवक सेक्टर-89 आए थे। वहां पहुंचने के बाद दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दो युवक थार से नीचे उतर गए। उन्होंने गुस्से में अपने घर वापस जाने के लिए रेपिडो एप के जरिए एक कैब बुक की और सड़क किनारे खड़े होकर उसका इंतजार करने लगे। थार गाड़ी से कैब को रौंदने का प्रयास जैसे ही कैब मौके पर पहुंची और दोनों युवक उसमें सवार हुए, थार चला रहे उनके साथी का गुस्सा बढ़ गया। उसने तैश में आकर अपनी भारी-भरकम थार गाड़ी से कैब को रौंदने का प्रयास शुरू कर दिया। कैब ड्राइवर ने चिल्ला कर उसे रूकने को भी कहा, लेकिन वह टक्कर मारता रहा। बैक कर-करके मारी टक्कर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थार ड्राइवर ने एक बार नहीं, बल्कि कई बार अपनी गाड़ी को पीछे किया और फिर पूरी रफ्तार से कैब में दे मारा। आरोपी युवक ने कैब को खिलौने की तरह कुचलने की कोशिश की। टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कैब का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और उसके दोनों एयरबैग खुल गए। एयरबैग से बची जान इस दौरान कैब के अंदर ड्राइवर और दोनों युवक मौजूद थे, जो इस अचानक हुए हमले से बुरी तरह सहम गए। गनीमत रही कि एयरबैग समय पर खुल गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल इस पूरी वारदात के दौरान आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे थार ड्राइवर सरेआम गुंडागर्दी और दहशतगर्दी का माहौल पैदा कर रहा है। लोगों का कहना है कि थार सवार युवक अत्यधिक नशे में थे और उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। कैब ड्राइवर ने दी शिकायत घटना के तुरंत बाद पीड़ित कैब ड्राइवर ने हिम्मत दिखाते हुए मामले की सूचना खेड़कीदौला थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी थार ड्राइवर अपने साथी के साथ मौके से फरार हो चुका था। पुलिस ने कैब ड्राइवर की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। दिल्ली नंबर से होगी पहचान खेड़कीदौला थाना पुलिस के अनुसार वारदात में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी दिल्ली के नंबर पर रजिस्टर्ड है। पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार पर उसके मालिक और आरोपी युवकों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।