समाचार · मध्य प्रदेश
बड़वानी; कलश यात्रा में गैर-समाज भेजने पर विरोध:रविदास समाज ने सहायक आयुक्त कार्यालय पर मनमानी का आरोप
संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती पर आयोजित कलश यात्रा को लेकर बड़वानी में रविदास समाज ने विरोध किया है। गुरुवार शाम को बड़ी संख्या में समाजजन कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर के नाम तहसीलदार राहुल सोलंकी को ज्ञापन सौंपा। समाज ने सहायक आयुक्त कार्यालय पर उनकी भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया है। समाज समिति के अध्यक्ष दिनेश पिपलिया ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने 12 अगस्त 2026 को एक पत्र जारी कर कलश यात्रा के लिए भोपाल जाने वाले समाज के प्रतिनिधियों की जानकारी मांगी थी। इसके जवाब में, समाज ने 13 अगस्त 2026 को एक बैठक आयोजित की। इसमें दिनेश पंवार, अनिल पंवार, भारत जयपाल और विक्रम शिंदे को अधिकृत कर उनके नाम सहायक आयुक्त कार्यालय को मौखिक रूप से सूचित किए गए थे। यहां से बढ़ा विवाद समाज का आरोप है कि उनके द्वारा तय किए गए प्रतिनिधियों को भेजने के बजाय, सहायक आयुक्त कार्यालय के कर्मचारियों ने अन्य कर्मचारियों और गैर-समाज के व्यक्तियों को कलश लेने के लिए भोपाल भेज दिया। इस जानकारी के सामने आने के बाद समाज में गहरा दुख और आक्रोश व्याप्त हो गया। ज्ञापन में कहा गया है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा समाज को साथ लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने की थी, लेकिन कार्यालय के मनमाने रवैये से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। समाज ने यह सवाल भी उठाया कि यदि गैर-समाज के लोगों को ही भेजना था, तो प्रतिनिधियों के लिए पत्राचार क्यों किया गया। समाज ने सहायक आयुक्त और अन्य दोषी अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो वे इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे और इसका पूर्ण बहिष्कार करेंगे।