समाचार · पंजाब
लुधियाना में कार की डिग्गी से लैपटॉप बैग चोरी:कार से धुआं निकलने पर बोनट खोलकर चेक कर रहा था मालिक, 5 आरोपियों ने की वारदात
लुधियाना के शेरपुर चौक पर जाम के दौरान कार रोककर बोनट चेक करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। कार से धुआं निकलने के बाद जब वह बोनट खोलकर गाड़ी चेक करने लगा, इसी दौरान 5 आरोपियों ने कार की डिग्गी से बैग चोरी कर लिया। बैग में लैपटॉप, चार्जर और आधार कार्ड समेत अन्य सामान था। थाना डिविजन नंबर-6 पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 3 अन्य की तलाश जारी है। पुलिस को दी शिकायत में गुरदेव नगर निवासी अभिषेक अरोड़ा ने बताया कि वह 22 अगस्त को अपनी कार में सवार होकर फैक्ट्री जा रहा था। जब वह शेरपुर चौक के पास पहुंचा तो रास्ते में जाम लगा हुआ था। उसने अपनी कार सड़क के किनारे खड़ी कर दी। इसी दौरान कार से धुआं निकलने लगा। बोनट चेक करने लगा तो डिग्गी से बैग चोरी शिकायतकर्ता के मुताबिक धुआं निकलने पर वह कार का बोनट खोलकर गाड़ी चेक करने लगा। इसी दौरान 5 अज्ञात लोगों ने उसकी कार की डिग्गी में रखा बैग चोरी कर लिया और फरार हो गए। कुछ समय बाद जब उसने अपना बैग तलाशा तो वह गायब मिला। जांच करने पर पता चला कि आरोपियों ने बैग चोरी किया था। बैग में सोनी कंपनी का लैपटॉप, चार्जर और आधार कार्ड समेत अन्य सामान रखा हुआ था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की। दो आरोपी गिरफ्तार, 3 की तलाश जारी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अमन यादव और आकाश गायकवाड़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी झुग्गी फ्लाईओवर, धंडारी कलां, लुधियाना के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल सूरज, चंद्रे और भोले की तलाश की जा रही है। थाना डिविजन नंबर-6 पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 61(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।