समाचार · मध्य प्रदेश
21 दिन बाद जिला अस्पताल के ICU का AC चालू:तकनीकी खराबी दूर होने से खरगोन में गंभीर मरीजों और स्टाफ को राहत
खरगोन जिला अस्पताल की इमरजेंसी केयर यूनिट (ICU) में खराब पड़ा एयर कंडीशनर (AC) 21 दिन बाद शुक्रवार देर रात चालू हो गया। डिजिटल द्वारा शुक्रवार को इस संबंध में समाचार प्रकाशित किए जाने के बाद स्वास्थ्य प्रशासन हरकत में आया। सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार देवड़ा और अस्पताल सहायक प्रबंधक अजमेरसिंह ओहरिया ने स्थानीय स्तर पर एक तकनीकी टीम बुलाई। टीम ने देर रात तक खराब वोल्टेज पीसीबी और पावर पीसीबी को ठीक कर AC को दोबारा शुरू किया। ICU का AC पिछले 21 दिनों से खराब था, जिससे गंभीर मरीजों को काफी परेशानी हो रही थी। इस दौरान 15 बिस्तर वाले वार्ड में उमस कम करने के लिए दो कूलर लगाए गए थे। हालांकि, गंभीर मरीज ठीक से सो नहीं पा रहे थे और उनके परिजन हाथ पंखे चलाकर उन्हें राहत देने की कोशिश कर रहे थे। अस्पताल कर्मचारियों को भी राहत मिली
AC चालू होने से अब गंभीर मरीजों के साथ-साथ अस्पताल कर्मचारियों को भी बड़ी राहत मिली है। अस्पताल के सहायक प्रबंधक अजमेरसिंह ओहरिया ने बताया कि एयर हैंडलिंग में तकनीकी खराबी थी और कांटेक्ट संबंधी दिक्कतें भी थीं। तकनीकी टीम ने वोल्टेज व पावर पीसीबी को ठीक कर AC को चालू कर दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में ऐसी दिक्कत न हो, इसके लिए अतिरिक्त स्पेयर पार्ट्स भी मंगा लिए गए हैं।