समाचार · मध्य प्रदेश
राजगढ़ में बिजली गिरने से महिला की मौत:चारा लेकर खेत से लौट रही थी, कई घरों के बिजली उपकरण फुंके
राजगढ़ जिले में रविवार शाम तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत हो गई। खिलचीपुर थाना क्षेत्र के बरगोलिया गांव में महिला खेत से चारा लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गाड़ाहेट गांव में एक किसान की भैंस भी बिजली गिरने से मर गई। तेज बिजली गिरने के दौरान आसपास के कई घरों में बिजली उपकरण खराब होने की भी जानकारी सामने आई है। खेत से लौटते समय गिरी बिजली बरगोलिया गांव निवासी चंद्रकला बाई दांगी (40) रविवार शाम खेत से चारा लेकर घर लौट रही थीं। उनके करीब 10 फीट पीछे काका ससुर हजारीलाल दांगी और उनका 14 वर्षीय बेटा श्री ओम चल रहे थे। इसी दौरान तेज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरी और चंद्रकला उसकी चपेट में आ गईं। बिजली गिरते ही वह सड़क पर गिर पड़ीं। हजारीलाल दांगी ने बताया कि अचानक तेज रोशनी हुई और देखते ही देखते चंद्रकला जमीन पर गिर गईं। उन्होंने और उनके साथ चल रहे श्री ओम ने उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही थीं। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से उन्हें खिलचीपुर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कई घरों के बिजली उपकरण भी खराब ग्रामीणों के अनुसार, बिजली गिरने के समय जोरदार आवाज हुई। इसके बाद गांव के कई घरों में टीवी, पंखे और अन्य बिजली उपकरण खराब हो गए। हालांकि, नुकसान का आकलन अभी नहीं हो सका है। सोमवार को होगा पोस्टमार्टम अस्पताल में महिला के शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी में रखवाया गया है। महिला के शरीर, खासकर साड़ी पर, बिजली गिरने से जले जैसे काले निशान दिखाई दिए। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि चंद्रकला अपने पीछे दो बेटों को छोड़ गई हैं। बड़ा बेटा रितिक और छोटा बेटा श्री ओम (14) है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। गाड़ाहेट गांव में भैंस की भी मौत उधर, खिलचीपुर थाना क्षेत्र के गाड़ाहेट गांव में आकाशीय बिजली गिरने से किसान कवरलाल दांगी की भैंस की मौत हो गई। इस घटना से किसान को आर्थिक नुकसान भी हुआ। रविवार शाम हुई इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली के खतरे को सामने ला दिया। अचानक बदले मौसम और तेज गर्जना के बीच हुई घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।