समाचार · छत्तीसगढ़
अंबेडकर अस्पताल में हॉस्टल, नए कैंसर भवन का भूमिपूजन कल:मुख्यमंत्री साय होंगे शामिल; 200 सीट्स का बनेगा हॉस्टल, 6 फ्लोर का होगा कैंसर भवन
राजधानी के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय और डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में सोमवार को नए निर्माण कार्यों का भूमिपूजन होगा। इस दौरान 200 सीटर छात्र-छात्रावास, कैंसर भवन के विस्तार (G+2 से G+6) और अन्य आवासीय परिसरों के निर्माण की शुरुआत की जाएगी। कार्यक्रम सोमवार, 6 जुलाई को सुबह 11 बजे चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित स्व. अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित होगा। इसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री अरुण साव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वन एवं रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, इंद्रकुमार साहू, सीजीएमएससीएल के अध्यक्ष दीपक म्हस्के और रायपुर महापौर मीनल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। नए छात्रावास और आवासीय परिसरों के बनने से मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं और डॉक्टरों को बेहतर रहने की सुविधा मिलेगी। वहीं कैंसर भवन के विस्तार से अस्पताल में कैंसर मरीजों के इलाज की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।