Monday, 6 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

छात्रों ने पैदल रैली निकालकर जताया विरोध:दिवंगत छात्रों को दी श्रद्धांजलि, नारेबाजी भी की

INT News5 July 2026 at 10:38 pm

देशभर में सामने आए NEET पेपर लीक एवं छात्र-युवा हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर टंट्या भील चौराहा पर अनिश्चितकालीन धरना 6 दिन से जारी है। छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा, अभिभावक एवं सामाजिक कार्यकर्ता धरना स्थल पर एकत्रित हुए। रविवार को धरने के दौरान आंदोलन को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रदर्शनकारियों ने टंट्या भील चौराहा से बोलाराम उस्ताद मार्ग तक पैदल रैली निकाली। रैली के दौरान छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली एवं छात्र हितों से जुड़ी मांगों को लेकर जोरदार नारे लगाए और अपना विरोध दर्ज कराया। रैली के दौरान NEET पेपर लीक प्रकरण से प्रभावित होकर जान गंवाने वाले छात्रों को मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। साथ ही, छात्रों को न्याय दिलाने एवं भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग दोहराई गई। प्रदर्शन करने वालों ने कहा कि देशभर में लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में अनियमितताओं और छात्रों के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ के विरुद्ध यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई नहीं होती तथा छात्रों की मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता। रैली के बाद सभी प्रदर्शनकारी पुनः धरना स्थल पहुंचे, जहां अनिश्चितकालीन धरना निरंतर जारी है। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश के सभी छात्र-छात्राओं, युवाओं, अभिभावकों एवं जागरूक लोगों से धरना स्थल पर पहुंचकर इस जनआंदोलन को मजबूत बनाने की अपील की।