समाचार · गुजरात
सुभाष ब्रिज के पांच स्पैन हटाए, वाडज फ्लाईओवर पर 41 मीटर का गर्डर रखा

Ahmedabad शहर की दो महत्वपूर्ण पुल परियोजनाओं में रविवार को बड़ा काम पूरा हुआ। एक ओर करीब 73 वर्ष पुराने सुभाष ब्रिज को हटाने की प्रक्रिया में साबरमती नदी और शाहीबाग की ओर स्थित पांच स्पैन को सुरक्षित तरीके से ध्वस्त कर उतार लिया गया, वहीं दूसरी ओर वाडज जंक्शन पर निर्माणाधीन चार लेन फ्लाईओवर पर 41 मीटर लंबे स्पैन गर्डर की सफल लॉन्चिंग कर दी गई। दोनों परियोजनाओं में सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए तय समयबद्ध योजना के अनुसार कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। सुभाष ब्रिज शहर के सबसे पुराने और व्यस्त पुलों में शामिल रहा है। इस पुल की संरचना तकनीकी जांच में कमजोर पाई गई थी। कई हिस्सों में कंक्रीट और स्टील की क्षमता घटने तथा सुरक्षा संबंधी खामियां सामने आने के बाद इसे चरणबद्ध तरीके से हटाकर उसी स्थान पर आधुनिक तकनीक से नया पुल बनाने का निर्णय लिया गया। नया पुल तैयार होने के बाद शहर के उत्तर और मध्य हिस्से के बीच यातायात और अधिक सुरक्षित तथा सुगम होगा। विशेषज्ञों की निगरानी में किया कार्य महानगरपालिका के अनुसार रविवार को विशेषज्ञों की निगरानी में नदी और शाहीबाग की ओर स्थित पांच स्पैन का ध्वस्तीकरण पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न किया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र को बैरिकेडिंग कर प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया तथा आम लोगों के प्रवेश पर रोक रखी गई। अधिकारियों के मुताबिक अब मलबा हटाने का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होते ही ध्वस्तीकरण का अगला चरण शुरू किया जाएगा। उधर, पश्चिमी क्षेत्र के सबसे व्यस्त यातायात जंक्शनों में शामिल वाडज जंक्शन पर भी फ्लाईओवर निर्माण ने महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया। रविवार तड़के वाडज जंक्शन से गांधी आश्रम की दिशा में पीजी-1 से जेपी-3 के बीच 41 मीटर लंबे स्पैन गर्डर की सफल लॉन्चिंग की गई। यह कार्य इंजीनियरों और तकनीकी विशेषज्ञों की मौजूदगी में अत्याधुनिक मशीनों की मदद से पूरा किया गया। महानगरपालिका का कहना है कि वाडज फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने के बाद गांधी आश्रम, साबरमती, वाडज, अखबारनगर और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक दबाव कम होगा। वहीं नए सुभाष ब्रिज के निर्माण से शहर को अधिक सुरक्षित, मजबूत और आधुनिक संपर्क मार्ग उपलब्ध होगा। दोनों परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने की दिशा में कार्य तेजी से जारी है।